- आबूलेन पर बैरियर लगाने पर कैंट बोर्ड को झेलना पड़ा व्यापारियों का आक्रोश

- आज से व्यापारी शाम पौने पांच बजे से व्यापारी देंगे धरना

- संयुक्त व्यापार संघ और विधायक भी बैठेंगे धरने पर

Meerut : आबूलेन पर बैरियर लगाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। मंगलवार शाम को आबूलेन बैरियर लगाने के लिए पहुंची कैंट बोर्ड की टीम और सदर पुलिस को व्यापारियों का भारी विरोध झेलना पड़ा। अधिकारियों और पुलिस के सामने व्यापारियों ने दास मोटर्स और बेगमपुल की ओर से बैरियर हटा दिए। काफी देर तक दोनों पक्षों के बीच तू-तू मैं-मैं चलती रही। उसके बाद संयुक्त व्यापार संघ और कैंट विधायक भी मौके पर पहुंचे। व्यापारियों के साथ मीटिंग कर घोषणा की कि बुधवार से आबूलेन पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। शाम को पांच बजे के बाद कोई दुकान नहीं खोली जाएगी। गौरतलब है कि मंगलवार को व्यापारियों का जवाब पहुंचने के बाद सब एरिया कमांडर को आबूलेन की व्यवस्था पर अंतिम फैसला लेना था, लेकिन उनके अवकाश पर चले जाने के बाद फैसले को टाल दिया गया।

बैरियर लगने पर हंगामा

आबूलेन पर शाम 5 बजे कैंट बोर्ड की टीम बैरियर लगाकर कैंट बोर्ड लौट गई। जब इस बारे में व्यापारियों को भनक लगी तो सभी अपनी दुकानों से बाहर निकलते हुए हंगामा करना शुरू कर दिया, जिसके बाद दास मोटर्स और बेगमपुल की ओर से व्यापारियों की ओर से बैरियर को को हटा दिया गया। करीब 6:10 पर कैंट बोर्ड के अधिकारियों को इसकी सूचना मिली तो पूरी टीम आबूलेन की ओर दौड़ पड़ी। वहीं सदर थाने की पुलिस को सूचना दी गई।

दोनों पक्षों के बीच हुई कहासुनी

कैंट बोर्ड की टीम पहुंचने के बाद दोनों पक्षों के बीच काफी कहासुनी हुई। व्यापारियों का कहना था कि सोमवार को हुई मुलाकात के दौरान सीईओ ने आश्वासन दिया था कि बैरियर नहीं लगाए जाएंगे। इसके बाद भी बैरियर क्यों लगाए जा रहे हैं? जिस पर कैंट बोर्ड के अधिकारियों ने कहा कि इस पर अंतिम फैसला कमांडर को करना है। जब तक कोई निर्णय नहीं हो जाता तब तक बैरियर लगाए जाते रहेंगे।

9 बजे तक चलता रहा हंगामा

बैरियर लगाने का समय शाम पांच बजे से रात 9 बजे तक है। हंगामा रात 9 बजे तक चलता रहा। इस बीच संयुक्त व्यापार संघ के अध्यक्ष नवीन गुप्ता और कैंट विधायक ने अधिकारियों से बातचीत की। उन्होंने कहा कैंट बोर्ड के बैरियर लगाने से व्यापारियों को नुकसान होने के साथ आम लोगों को भी काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। ऐसे में बैरियर लगाने का कांसेप्ट ठीक नहीं है। इसके बाद भी अधिकारियों का एक ही जवाब था कि इस पर फाइनल डिसीजन कमांडर ही लेंगे।

आज से धरना देंगे व्यापारी

विधायक और संयुक्त व्यापार संघ के पदाधिकारियों ने आबूलेन व्यापार संघ के पदाधिकारियों के साथ मीटिंग की, जिसमें निर्णय लिया गया कि बुधवार शाम पांच बजे से आबूलेन के दोनों ओर बैरियर नहीं लगने दिए जाएंगे। साथ ही सभी व्यापारी अपनी दुकानों को बंद कर दोनों धरना देंगे। इस धरने में संयुक्त व्यापार संघ के पदाधिकारियोंके साथ कैंट विधायक और भाजपा के वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहेंगे। पदाधिकारियों ने साफ कर दिया गया है कि कैंट बोर्ड की मंशा को बिल्कुल भी पूरा होने नहीं दिया जाएगा। इस मौके पर संयुक्त व्यापार संघ के उपाध्यक्ष सरदार दलजीत सिंह, बेगमपुल व्यापार संघ के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नंदा, राजबीर सिंह, विवेक गर्ग, आबूलेन व्यापार संघ के महामंत्री आकाश खन्ना, गौरव सेठ आदि कई लोग मौजूद रहे।

व्यापारी काफी जल्दबाजी कर रहे हैं। उनका प्लान मेरे पास आया था। मैंने उन्हें दोपहर दो बजे तक बता दिया था कि आज कमांडर नहीं है। उनके सामने प्लान रखा जाएगा। उसके बाद वो निर्णय लेंगे कि क्या करना है। व्यापारियों के साथ कैंट बोर्ड की कोई दुश्मनी नहीं है। जो भी निर्णय होगा कमांडर के द्वारा ही लिया जाएगा।

- राजीव श्रीवास्तव, सीईओ, कैंट बोर्ड

व्यापारियों से बात करने के बाद निर्णय लिया गया है कि किसी भी हालत में बैरियर नहीं लगने दिए जाएंगे। शाम पौने पांच सभी दुकानें बंद हो जाएंगी। सभी व्यापारी धरना प्रदर्शन देंगे।

- दलजीत सिंह, उपाध्यक्ष, संयुक्त व्यापार संघ