- मंडी के दोनों तरफ के रोड पर लग रहा है जाम

- फ्लाई ओवर निर्माण ने की रोड व्यवस्था खराब

- मौके पर बन रही दुर्घटना की सम्भावना

आगरा। हाईवे पर फ्लाई ओवर का निर्माण दुर्घटना का कारण बन सकता है। फल मंडी के सामने जहां पहले एक तरफ जाम लगता था अब दूसरे रोड पर भी जाम लगने लगा है। लोग वन-वे को टू-वे बनाने में लगे हैं। ऐसे में दुर्घटना की सम्भावना बढ़ जाती है। इस समस्या का जल्द ही कोई हल न ढूढ़ा गया तो कभी भी हादसा हो सकता है।

कई दिनों से चल रहा है काम

हाईवे सिक्सलेन प्रोजेक्ट पर 2014 से काम चल रहा है। सिकंदरा फल मंडी के सामने भी फ्लाई ओवर का काम चल रहा है। लेकिन ये काम कब तक पूरा हो पाएगा कहा नहीं जा सकता। शुरु में रोड बनने के दौरान एक तरफ के रोड का नया रोड बना कर डायवर्जन किया गया। उस दौरान कच्चे रोड पर उड़ती घूल ने लोगों की हालत खराब कर दी। ऊपर से लगने वाला जाम भी परेशान करने लगा। इसके बाद रोड पूरा बनाया गया और बीच का आधा रोड पूरी तरह बंद कर दिया गया।

दूसरी तरफ का रोड भी हुआ बंद

सिक्सलेन की हद में आने वाला दूसरा रोड भी बंद कर दिया गया है। यहां पर फ्लाई ओवर का काम शुरु हो गया। यहां पर नया रोड बना कर डायवर्जन किया गया है। लेकिन अब इस रोड पर भी जाम लगने लगा है। फ्लाई ओवर के दोनों तरफ जाम की स्थिति बनी हुई है। यहां से लोगों को अन्य वाहनों से बचते-बचते निकला होता है चूंकि नया बना रोड पुराने रोड की अपेक्षा कम चौड़ा है।

वन-वे को कर रहे टू-वे

सिकंदरा से आने वाला ट्रैफिक मंडी के सामने वाले नए रोड से होकर आगे बढ़ता है। पर यहां लम्बा जाम होने से छोटे वाहन मंडी के पास वाले रोड का यूज कर रहे हैं जबकि वहां से रुनकता से आने वाला ट्रैफिक होता है। इस तरह लोग वन-वे को टू-वे बनाने लगे हैं। कई बार रोंग साइड पर छोटे वाहनों की लम्बी लाइन लग जाती है जिससे जाम लग जाता है।

बढ़ गई है दुर्घटना की सम्भावना

डायवर्जन के लिए बनाए गए रोड पर लोगों ने दोनों तरफ से आना शुरु कर दिया है। यहां पर कई बार बड़े वाहन ट्रक, कार से छोटे दो पहिया वाहन चपेट में आने से बचते हैं। जरा सी नजर चूकने से बड़ा हादसा हो सकता है। छोटी गाडि़या बड़े वाहनों के पहिए के पास होकर गुजरती हैं। रोड पर उल्टे आने वाले वाहन बड़े वाहनों से थोड़े से फासले से होकर निकलते हैं। कई बार बड़े वाहन को तुरंत ब्रेक लगाकर वाहन को रोकना पड़ता है।

पुलिस भी नहीं रोक पा रही जाम

वाहनों की लम्बी लाइन देख कर दूसरे रोड पर आने वाले वाहनों को रोकने के लिए पुलिस पिकैट लगाया गया है पर पुलिस भी इसको रोकने में नाकाम हो रही है। अब भी जाम कभी भी लग जाता है। छोटे रोड पर दोनों तरफ से वाहन आते हैं तो जाम जल्दी और देर तक लग जाता है जिसे खुलने में काफी समय लगता है।