- त्योहार पर बाजार में उमड़ी खरीदारों की भीड़ और बड़ी संख्या में आए टूरिस्ट की वजह से हर सड़क जाम की चपेट में

- मुख्य मार्गो पर खोदाई, बेतरतीब पार्किंग और अतिक्रमण ने बढ़ा दी परेशानी

बनारस की सड़कों पर जाम तो बारहमासी है। मगर होली के मौसम में जाम का झाम कुछ इस कदर है इससे निजात दिलाने की हर कोशिश नाकाम है। खरीदारों की भीड़ जब बाजार में उमड़ती है हर तरफ नरमुंड और वाहनों की लम्बी-लम्बी कतार ही नजर आती है। यह नजारा दिन से लेकर देर रात तक एक जैसा रहता है। इससे पब्लिक परेशान है। व्यवस्था को बनाये रखने के लिए टै्रफिक पुलिस डिपार्टमेंट हलकान है।

बढ़ गयी फ्लोटिंग पॉपुलेशन

बनारस की फ्लोटिंग पॉपुलेशन दो लाख से ज्यादा है। फ्लोटिंग पॉपुलेशन यानी वह लोग जो शहर में नहीं रहते मगर यहां आते-जाते हैं। नौकरी, इलाज, पढ़ाई या खरीदारी के लिए शहर में इनका रोजाना आना होता है। होली के इस मौसम में शहर की फ्लोटिंग पॉपुलेशन बढ़ गई है। इनमें से ज्यादातर खरीदारी के लिए यहां आ रहे हैं।

खोदाई ने बढ़ाई मुश्किलें

शहर में इन दिनों कई परियोजनाओं पर काम चल रहा है। ओवरब्रिज तो कहीं सीवर के लिए खोदाई, पेयजल, बिजली और गैस पाइपलाइन परियोजनाओं का भी काम चल रहा है। पहले से संकरी सड़कें खोदाई की वजह से और सकरी हो गयी हैं। लिहाजा जाम के हालात विकराल हो रहे हैं।

सांसत में ट्रैफिक पुलिस

इन दिनों शहर में वाहनों का दबाव इस कदर है कि ट्रैफिक पुलिस की जान सांसत में पड़ी है। समझ नहीं पा रही है कि कहां-कहां संभाले। शहर के कई इलाकों को नो-व्हीकल जोन बनाने की योजना फाइलों में दबी है। व्यस्त बाजारों में शायद ही कहीं पार्किंग के इंतजाम हों, उसपर चौराहों और बाजारों में बेतरतीब खड़े वाहन परेशानी बढ़ा रहे हैं। वाहन स्वामियों का अपना रोना है कि बाजार में वाहन रखें तो रखें कहां। वाहनों के बढ़ते दबाव के आगे ट्रैफिक पुलिस और होमगार्डो की संख्या कम पड़ रही है।

बयान

त्योहार के मौसम में जाम लगना स्वाभाविक है। हालांकि इस बार खोदाई और बाहर से आने वाले वाहनों ने मुश्किल बढ़ाई है। इस समस्या से निबटने के तरीके तलाशे जा रहे हैं।

सुरेश चंद्र रावत, एसपी ट्रैफिक

बोलते हैं आंकड़े

- 8 लाख है शहर में वाहनों की कुल संख्या

- 7,06,120 हैं दो पहिया वाहन

- 63,271 चार पहिया वाहनों की संख्या है

- 18,161 आटो रिक्शा

- 12,450 छोटे मालवाहक

- 5337 ट्रैवल एजेंसियों के वाहन

- 2553 यात्री बसें

इन बाजारों में भीषण भीड़

पाण्डेयपुर

अर्दली बाजार

नई सड़क

विश्वेश्वरगंज

रथयात्रा

लंका

मंडुवाडीह