- शादीशुदा लोगों की पत्नियों से लगाई जाएगी गुहार

- चालान और जुर्माना देकर भी हेलमेट नहीं पहन रहे लोग

शहर में रोजाना 150 से 200 चालान
सिटी के भीतर ट्रैफिक पुलिस की ओर से रोजाना चेकिंग अभियान चलाया जाता है। इस अभियान में वाहनों की चेकिंग के दौरान रोजाना औसतन 150 से 200 लोगों का चालान किया जाता है। इन लोगों में 70 से अधिक बिना हेलमेट पहनने बाइक चलाने वाले लोग होते हैं। चालान कटने के बाद जुर्माना देकर वह आसानी से छूट जाते हैं। लेकिन हेलमेट पहनने को लेकर जागरुकता नहीं दिखाते। इसके अलावा आरटीओ की ओर से बुधवार को विशेष अभियान चलाया जाता है। इस विशेष अभियान में भी हर बुधवार को अलग-अलग टीमें 500 से 600 तक चालान काट देती है। आरटीओ की कार्रवाई में 250 से ज्यादा लोग भी बिना हेलमेट पहनने मिलते हैं। पिछले छह माह से शहर में ट्रैफिक पुलिस का अभियान चल रहा है। बावजूद इसके सड़कों पर 100 में 70 फीसदी लोग बिना हेलमेट के नजर आते हैं।

अब तो पत्नियां ही पहना पाएंगी हेलमेट
ट्रैफिक पुलिस से जुड़े लोगों का कहना है कि नियम-कानून का सख्ती से पालन कराने के बजाय जन जागरुकता की बेहद जरुरत है। शहर में बिना हेलमेट बाइक लेकर निकलने वाले लोगों के परिजनों की मदद ली जाएगी। चालान काटने के अलावा उनको फोन करके बताया जाएगा कि आपके बेटे, पति, भाई, देवर या दामाद ने हेलमेट नहीं पहना है। शादीशुदा लोगों की पत्नियों से गुजारिश की जाएगी कि वह पति को हेलमेट पहनाकर ही घर से बाहर भेजें।

यह औसत चालान का आंकड़ा
- शहर में रोजाना ट्रैफिक पुलिस का चालान - 150 से 200

- चालान में बिना हेलमेट बाइक चलाने वाले लोग - 70 से 90

- आरटीओ के विशेष अभियान में कार्रवाई - 500 से 600

- बिना हेलमेट के पकड़े गए लोग - 240 से 280

शहर में चले जागरुकता अभियान
- नए साल के प्रारंभ में गुलाब का फूल देकर लोगों से हेलमेट पहनने का निवेदन किया गया।

- ट्रैफिक पुलिस और आरटीओ ने चॉकलेट, मोमेंटो और प्रशस्ति पत्र देकर लोगों को सम्मानित किया।

- पहली बार किन्नर समुदाय ने ट्रैफिक नियमों के पालन के लिए जागरुकता का अभियान चलाया।

- शहर के विभिन्न स्कूलों में ट्रैफिक पुलिस की ओर से ट्रेनिंग कैंप लगाया गया। छात्रों को ट्रैफिक नियमों का पालन करने की जानकारी दी गई।

- करवाचौथ, धनतेरस और दीपावली पर महिलाओं से हेलमेट खरीदने की गुजारिश की गई। शहर में विभिन्न जगहों पर होर्डिग लगाई गई।

- सिनेमा हॉल और अन्य पब्लिक प्लेस पर ट्रैफिक जागरुकता के लिए स्लाइड शो दिखाई गई। एनजीओ की मदद से अभियान को व्यापक रूप दिया गया।

जागरुकता के लिए अभियान चलाए जा रहे
शहर में यातायात जागरुकता के लिए अभियान चलाए जा रहे हैं। चालान काटने से ज्यादा इस बात पर जोर दिया जा रहा है। लोग ट्रैफिक नियमों का पालन करने के लिए जागरूक हों इसलिए जागरुकता अभियान भी इसमें समाहित किया गया है। हमारी कोशिश है कि आरटीओ से मिलकर इस अभियान को व्यापक बनाया जाए। साथ ही हेलमेट न पहनने वाले लोगों के परिजनों से मिलकर उनको जागरूक किया जाएगा।
- आदित्य प्रकाश वर्मा, एसपी ट्रैफिक