- इंटरसिटी के लेट और आला-हजरत के कैंसिल होने पर यात्रियों में रोष

BAREILLY:

इंटरसिटी ट्रेन लेट होने पर यात्रियों ने बरेली जंक्शन पर हंगामा कर दिया। आला हजरत एक्सप्रेस भी कैंसिल थी, जिसकी वजह से दो ट्रेनों के यात्री जंक्शन पर थे। जब यात्रियों का आक्रोश बढ़ा तो अनाउंसमेंट से इंटरसिटी लेट होने का कारण बताया गया। तब यात्री शांत हुए। संडे की सुबह 10.30 बजे इंटरसिटी को रवाना कराया गया।

सप्तक्रांति डिरेल होना बनी मुसीबत

सैटरडे की रात गाजियाबाद के पास सप्तक्रांति एक्सप्रेस का गार्ड कोच पटरी से उतर गया था। जिससे दिल्ली की ओर से आने वाली ट्रेनों का संचालन ठप हो गया। इंटरसिटी और आला हजरत भी नहीं आ सकी। इंटरसिटी एक्सप्रेस संडे सुबह 4.45 बजे बरेली जंक्शन पहुंची। इंटरसिटी सुबह 4.00 बजे रवाना होती है, इसलिए यात्री सुबह 3.30 बजे ही जंक्शन पहुंच गए, लेकिन ट्रेन का कोई अता-पता नहीं था। 5.30 बजे से आला हजरत एक्सप्रेस के भी यात्री पहुंच गए। फिर, तो वहां दो ट्रेनों यात्री बड़ी संख्या में एकत्रित हो गए।

स्टेशन मास्टर और टीटीई ऑफिस में हंगामा

इंटरसिटी के लेट होने पर यात्रियों ने हंगामा शुरू कर दिया। यात्रियों की भीड़ स्टेशन मास्टर ऑफिस और टीटीई ऑफिस पहुंच गई। रेल अधिकारियों ने यात्रियों को समझाया। बताया गया आला हजरत आज नहीं जाएगी। इंटरसिटी वॉशिंग लाइन पर है। 10 बजे प्लेटफार्म पर आएगी। 10.30 बजे रवाना होगी। तब यात्री शांत हुए। आला हजरत एक्सप्रेस के यात्रियों ने अपने टिकट कैंसिल कराए और इंटरसिटी से दिल्ली को रवाना हुए।