ALLAHABAD: भाजपा सरकार द्वारा नोटबंदी के फैसले के बाद सियासी घमासान थमने का नाम नहीं ले रहा है। विपक्षी पार्टियां लगातार भाजपा पर हमलावर हो रही हैं। इस सिलसिले को आगे बढ़ाते हुए शुक्रवार को सड़क से रेलवे ट्रैक तक प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस व सपा ने अलग-अलग प्रदर्शन करते हुए भाजपा की नीतियों पर सवाल खड़े किए।

देश पर अभूतपूर्व संकट

कांग्रेस की ओर से आयोजित 'नोट बंदी एक असफल प्रयोग' विषयक गोष्ठी में पूर्व केंद्रीय मंत्री अनिल शास्त्री ने कहा कि पीएम मोदी के एक कदम से देश में कैश का अभूतपूर्व संकट पैदा हो गया है। इससे जनता परेशान है। बैठक के बाद कांग्रेसियों ने कैंडल मार्च निकाल नोट बंदी से मरने वालों को श्रद्धांजलि अर्पित की। युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष जितेंद्र तिवारी के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने बंद पड़े एटीएम की पूजा अर्चना की। पुष्प चढ़ाव व नारियल फोड़कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

सयुस ने रोकी मालगाड़ी

सयुस ने भी नोट बंदी के खिलाफ शुक्रवार को प्रदर्शन किया। जिला महासचिव भूपेंद्र श्रीवास्तव उर्फ पीयूष के नेतृत्व में जानसेनगंज डॉट पुल पर एकत्र हुए सपाइयों ने उधर से गुजर रही मालगाड़ी को रोककर यातायात बाधित किया। इस दौरान यह भी आरोप लगाया गया कि भाजपा ने यूपी में विधानसभा चुनाव कैंपेन के लिए 1600 बाइक खरीदी हैं। विरोध करने वालों में सीएमपी छात्रसंघ की पूर्व उपाध्यक्ष पूजा मिश्रा, आस्था मिश्रा, सुमित कुमार, प्रखर यादव, शुभम साहू आदि मौजूद रहे।