- एसपी सिटी ने मुख्यमंत्री से सेटिंग कर रुकवा लिया तबादला

- एसपी सिटी का चार्ज लेने वाले अभिषेक सिंह को अब बना दिया एसपी ट्रैफिक आगरा

- एसपी सिटी के तबादला रुकने से उतर गए चेहरे

Meerut: हमारे शहर के एसपी सिटी ओमप्रकाश यूं तो पीपीएस है, लेकिन वह आईपीएस अधिकारी अभिषेक सिंह पर भारी पड़ गए। दरअसल एसपी सिटी का तबादला एसपी टै्रफिक आगरा के पद पर किया गया था। जबकि अभिषेक सिंह को एसपी सिटी मेरठ बनाया गया था, लेकिन एसपी सिटी ओमप्रकाश ने अपना तबादला रुकवा कर एक बार फिर दबदबा कायम कर दिया है।

मुख्यमंत्री से नजदीकी काम आई

एसपी सिटी ओमप्रकाश का तबादला मेरठ में रहते हुए पहली बार नहीं हुआ है। यह दूसरा चांस है। दरअसल एसपी सिटी ओमप्रकाश को दो साल पहले एसपी देहात बना दिया था, जबकि एसपी देहात एमएम बेग को एसपी सिटी बना दिया था, लेकिन एसपी सिटी ने चार्ज नहीं छोड़ा और अपने जुगाड़ लगाने शुरू कर दिए। नतीजा रहा कि शासन को अपना ऑर्डर कैंसल करना पड़ा। एसपी सिटी पद पर ओमप्रकाश ही बने रहे। अब दूसरा चांस फिर एसपी सिटी ओमप्रकाश का आया, इस बार एसपी ट्रैफिक आगरा बनाया गया, लेकिन ओमप्रकाश ने चार्ज नहीं छोड़ा। इनकी जगह अभिषेक सिंह को एसपी सिटी बनाया गया। अभिषेक को एसपी सिटी बने चौबीस घंटे भी नहीं बीते थे कि रविवार को अवकाश होने के बावजूद आदेश आया जिसमें अभिषेक सिंह को एसपी ट्रैफिक आगरा और ओमप्रकाश को एसपी सिटी पद पर ही बने रहने का आदेश मिला। जहां एसपी सिटी फूले नहीं समां रहे हैं तो वहीं दूसरी ओर राजनीतिक सरगर्मियां भी तेज हो गई हैं। सबसे ज्यादा निराशा व्यापारी नेताओं और भाजपा नेताओं को है। खैर कुछ भी हो पीपीएस के सामने आईपीएस जरूर बौने साबित हो रहे हैं।

पहले एसपी सिटी का तबादला एसपी ट्रैफिक आगरा के पद पर हो गया था। मैंने अभिषेक सिंह को एसपी सिटी पद पर ज्वाइन करा दिया था, लेकिन शासन ने अभिषेक सिंह का तबादला अब एसपी ट्रैफिक आगरा कर दिया है। ओमप्रकाश को एसपी सिटी पद पर ही बने रहने का आदेश दिया है।

सुभाष सिंह बघेल

एसएसपी

मैं एसपी सिटी पद पर कार्यरत हूं, मुझे आदेश मिल गया है कि मैं इसी पद पर बना रहूंगा। जनता की सुरक्षा के लिए काम करूंगा।

ओमप्रकाश

एसपी सिटी