प्रदेश में सरकार बदलने के बाद शुरू हुआ 'परिवहन विभाग से अब खत्म होगा भ्रष्टाचार' अभियान

100 दिनों के टॉस्क में महज दो दिन के अभियान में ओवर लोड ट्रकों से पकड़ा गया 20 लाख का माल

अभियान से पहले कर्मचारियों को भी नहीं दी जा रही जानकारी, मिर्जापुर, रीवां और जीटी रोड पर चलाया गया अभियान

dhruva.shankar@inext.co.in

ALLAHABAD: प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के बाद से सरकारी विभागों में भी सतर्कता बढ़ गई है। परिवहन विभाग के लखनऊ मुख्यालय ने तीन अप्रैल को 'परिवहन विभाग से अब खत्म होगा भ्रष्टाचार' के अन्तर्गत ओवर लोडिंग ट्रकों पर शिकंजा कसने का निर्देश जारी किया। उसकी धमक इलाहाबाद में दिखाई देने लगी है। प्रवर्तन अधिकारियों की टीम ने 100 दिनों की कार्य योजना में शामिल भ्रष्टाचार को रोकने का अभियान शुरू किया तो मात्र दो दिन में ही विभिन्न रूटों पर चेकिंग के दौरान ओवर लोडिंग ट्रकों से 20 लाख रुपए का माल पकड़ा गया।

सात से शुरू हुआ अभियान

ओवर लोडिंग ट्रकों पर शिकंजा कसने संबंधित लखनऊ मुख्यालय का निर्देश चार अप्रैल को आरटीओ ऑफिस पहुंचा था। इसके बाद आरके सरोज की अगुवाई में प्रवर्तन अधिकारियों की टीम ने अभियान की रुपरेखा तैयार की। अधिकारियों ने सात अप्रैल से मिर्जापुर रोड, रीवां रोड, हण्डिया बाईपास जैसे अलग-अलग मार्गो पर अभियान शुरू किया।

पकड़े 50 से अधिक ट्रक

अभियान में प्रवर्तन अधिकारियों को बड़ी सफलता मिली है। मात्र दो दिन के अभियान में ही लोड से अधिक माल लेकर दूसरे राज्यों की ओर जाने वाले ट्रकों को पकड़ा गया। अधिकारियों की मानें तो ओवर लोडिंग में 50 से अधिक ट्रकों को पकड़ा गया है और उसमें से 20 लाख रुपए की कीमत का माल बरामद किया गया है।

गोपनीय तरीके से धरपकड़

अभियान की जानकारी किसी भी कर्मचारी को तब तक नहीं दी जा रही है जब तक कि प्रवर्तन अधिकारी उनसे न कहें कि किस मार्ग पर अभियान चलाया जाना है। इसके बाद ही अलग-अलग मार्गो पर अधिकारियों की टीम कर्मचारियों के साथ रवाना होती है। विभागीय अधिकारियों द्वारा ओवर लोडिंग के खिलाफ शुरू किया गया अभियान नहीं रुकेगा। पहले चरण में 100 दिनों तक अधिकारियों की टीम चिन्हित किए गए मार्गो पर ओवर लोडिंग के खिलाफ धरपकड़ करती रहेगी।

मुख्यालय के निर्देश पर अधिकारियों की अलग-अलग टीम काम कर रही है। सात अप्रैल से शुरू हुए अभियान में कुल 20 लाख रुपए का माल पकड़ा गया है। अभियान में हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गोपनीय तरीके से पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया जा रहा है।

आरके सरोज, एआरटीओ