पुरानी इमारत तोड़े जाते समय हरे पेड़ों को काटा गया

नगर निगम स्टाफ व अधिकारियों को नहीं लगी भनक

BAREILLY: नगर निगम में बन रही नई इमारत के लिए पुरानी खंडहर बिल्डिंग को गिराते समय हरे पेड़ों को भी बलिदान कर दिया गया है। पुरानी इमारत गिराने के दौरान ठेकेदार ने हरे पेड़ पर भी आरी चलवा दी। निगम की परमिशन के बिना हरे पेड़ों की इस अवैध कटाई पर अफसरान भी आंखे मूंदे बैठे हैं। निगम परिसर के अंदर ही दिन दहाड़े पेड़ काटने की घटना न तो कर्मचारियों को लगी और न ही अधिकारियों के कान तक ही यह मामला पहुंचा। पेड़ों के काटे जाने पर परिसर में रहने वाले कर्मचारियों के परिजनों ने इस पर विरोध्ा जताया।

बिना मंजूरी चलाई आरी

निगम में रेंट विभाग की पुरानी इमारत को गिरा जाने का काम पिछले कई दिनों से चल रहा है। स्वास्थ्य, रेंट व जलकल की पुरानी इमारत को गिराकर एक नई तीन मंजिला इमारत यहां बनाई जानी है। मंडे को रेंट विभाग की पुरानी इमारत गिराए जाने के साथ ही ठेकेदार के निर्देश पर कामगारों ने इमारत के पीछे लगे हरे पेड़ को कई जगह से काट दिया। अधिकारियों को इस बात की जानकारी न होने से इस बात की पुष्टि हुई कि ठेकेदार ने बिना अधिकारियों की मंजूरी के पेड़ पर आरी चला दी।

वन विभाग से मंजूरी का पता नहीं

नियमानुसार हरे पेड़ों की कटाई विशेष परिस्थितियों में ही की जाती है। इसमें भी वन विभाग की मंजूरी जरूरी है, लेकिन निगम में जिस तरह से पेड़ काटे गए और अधिकारियों को इसकी भनक नहीं लगी, उससे वन विभाग की मंजूरी भी न लिए जाने की बात सामने आ रही है। फिलहाल अधिकारियों को इसकी सूचना मिलने के बाद भी गैर जिम्मेदाराना तरीके से हरे पेड़ काटने वाले आरोपी ठेकेदार को तलब नहीं किया गया।

पुरानी इमारत के पीछे हरे पेड़ काटे जाने की जानकारी नहीं है। ठेकेदार से इस बारे में जवाब तलब किया जाएगा।

- सच्चिदानंद सिंह, अपर नगर आयुक्त

निगम में हरे पेड़ काटे जाने का मामला मेरे संज्ञान में नहीं है। अगर गलत तरीके से पेड़ काटे गए हैं तो ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई होगी।

- डॉ। आईएस तोमर, मेयर