- स्ट्रीट लाइट और हैंडपंप पड़े हैं खराब

- गंदगी से परेशान है वार्ड 67 के लोग

Meerut । वार्ड- 67 में मुख्य मार्गो पर सफाई तो है पर कुछ स्थानों पर गंदगी का अंबार है। सुबह तो वार्ड 67 में 55 सफाई कर्मी सफाई के लिए आते हैं। रोज कूड़ा भी उठाते हैं। पर कुछ स्थानों पर कुछ देर बाद ही फिर से कूड़ा पड़ना शुरू हो जाता है। वहीं वार्ड में कई हैंडपंप भी खराब हैं। वही नालियों की सफाई को लेकर भी लोगों को परेशानी है। नालियों में गंदगी तो है ही इसके अलावा नालियों में डेयरियों से निकलने वाला गोबर भी बहता है। इस वार्ड में कई सरकारी ऑफिस है और स्कूल भी हैं। यहीं नहीं इस वार्ड बराबर में पश्चिमी उत्तर प्रदेश का प्रसिद्ध मेला नौचंदी भी लगता है। इस बार वार्ड का परिसीमन होने के बाद तीन मोहल्ले कम भी हो गए हैं।

ये है डिमांड

- सफाई दोनो समय होनी चाहिए।

- हैंडपंप ठीक होने चाहिए।

- नालियों की सफाई नियमित रूप से होनी चाहिए।

- मोहल्लों से डेयरियां बाहर होनी चाहिए।

- मोहल्ले से टॉवर हटने चाहिए।

वार्ड- 67

पार्षद- राकेश शर्मा

मोहल्ले- माधवनगर, राजेंद्र नगर, कैलाशपुरी, चैतन्यपुरम, प्रीत विहार, पंचवटी कॉलोनी, रामबाग कॉलोनी

जनसंख्या- 18 हजार

वोटर- 9500 हजार

पढ़ाई- ग्रेजूएशन

परिसीमन से पहले वार्ड- 60

हैंडपंप

वार्ड में नगर निगम की सप्लाई तो अच्छी है। दोनो समय पानी आता है और उसका प्रेशर भी ठीक है। लेकिन वार्ड में लगे हैंडपंप खराब पड़े हुए हैं। हैंडपंप काफी समय से खराब पड़ा हुआ है। अनेक बार लोग हैंडपंप ठीक कराने के लिए कह चुके हैं। लेकिन वह ठीक नहीं हुआ है।

नाली

वार्ड 67 डेयरियां बहुत अधिक हैं। डेयरियों का गोबर नालियों में बहाया जाता है। जिसके कारण नालियों में गोबर भरा रहता है। इसके अलावा नालियां में गंदगी भी बहुत अधिक होती है। कुछ स्थानों में गंदगी के कारण नालियों रूकी पड़ी हुई हैं।

टॉवर

वार्ड में लोगों ने घरों पर टॉवर लगा रखे हैं। कैलाशपुरी के मुख्य मार्ग पर ही चार टॉवर लगे हुए हैं। इन टॉवर से लोगों को बीमारी का डर रहता है। कई बार लोग प्रशासन को मोहल्ले से टॉवर हटवाने की शिकायत कर चुके हैं।

गंदगी

वार्ड में कई स्थानों पर गंदगी का अंबार है। सुबह को रोज सफाई कर्मी तो आते हैं। पर शाम होते-होते गंदगी फिर से हो जाती है। कैलाशपुरी के मुख्य मार्ग पर मार्किट बना हुआ है। इससे व्यापारियों को खासी परेशानी होती है।

जलभराव

वार्ड में एक तो बारिश के कारण नौचंदी ग्राउंड में जलभराव हो जाता है। उसके अलावा पुलिस चौकी के पास एक ग्राउंड और है जहां पर गंदगी और जलभराव की समस्या बनी रहती है। जिसके कारण लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

वार्ड में किसी प्रकार की परेशानी नहीं है। सफाई कर्मी रोज आते हैं और कूड़ा उठाकर ले जाते हैं। लेकिन शाम होते होते फिर से गंदगी हो जाती है। यदि दोनो समय सफाई होने लगे तो बहुत अच्छा हो जाएगा।

हरिओम शर्मा

मोहल्ले से डेयरियां बाहर होनी चाहिए। सभी डेयरी वाले नालियों में गोबर बहाते हैं। जिसके कारण नालियां गोबर से भरी रहती हैं। यहां यह बात बहुत अच्छी है कि पार्षद समय-समय पर नालियों की सफाई कराते रहते हैं।

वीरेंद्र

कैलाशपुरी के मुख्य मार्ग भी एक भी स्पीडब्रेकर नहीं है। यहां से बहुत अधिक वाहन चलते हैं। इसी रोड एक लड़कियों का एक इंटर कॉलेज भी है। कम से कम सड़क बनाते समय स्पीडब्रेकर तो बनाना चाहिए।

ऋषभ

यहां पर एक हैंडपंप खराब पड़े हुए है। वैसे पानी की समस्या तो नहीं है। फिर भी जब लगे हुए हैं तो वह ठीक तो होने चाहिए। कम से कम राहगीरों को पानी तो पीने के लिए मिल जाएगा।

बाल किशन

यहां पर नाले की सफाई नहीं होती है। सफाई कर्मी आते है और खानापूर्ति करके चले जाते है। अनेक बार नगर निगम में समस्या से अवगत करा चुके हैं। लेकिन निगम के अधिकारी इस ओर ध्यान ही नहीं देते हैं।

पुनीत राजपूत

नौचंदी ग्राउंड का सुधार होना चाहिए। उसके पास ही एक और ग्राउंड है वहां पर हमेशा गंदगी का अंबार लगा रहता है। नगर निगम को कम से कम ग्राउंड का तो सुधार करना चाहिए। वैसे शहर में गंदगी के वजह नई-नई बीमारी होती रहती है।

मोहम्मद जीशान