जाफरी कॉलोनी, जेके आशियाना और गौस नगर में बनी हुई है समस्या

-जलकल के कर्मचारी दूर नहीं कर पा रहे फाल्ट, पब्लिक परेशान

ALLAHABAD: बगैर किसी प्लानिंग, नक्शे के साथ ही अवैध तरीके से बसाई गई कॉलोनियां करेली में रहने वाले सैकड़ों परिवारों के लिए समस्या बन गई हैं। कई दिनों से कहीं नाला तो कहीं प्राइवेट कॉलोनाइजर द्वारा बनाया गया सीवर उफान मार रहा है। सड़क पर पानी बहने के साथ ही लोगों के घरों में भी नाले का पानी घुस गया है। करेली के जाफरी कॉलोनी, जेके आशियाना के साथ ही गौस नगर में समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। लेकिन समाधान नहीं हो पा रहा है।

जाफरी कॉलोनी में बदतर हाल

जाफरी कॉलोनी में स्थिति सबसे ज्यादा खराब है। कुछ दिन पहले मेयर अभिलाषा गुप्ता ने निरीक्षण कर यहां समस्या का समाधान कराया था। लेकिन एक बार फिर सीवर का पानी पूरे इलाके में भर गया है। जाफरी कॉलोनी के कई घरों में सीवर का गंदा पानी घुस गया है। कई घरों में अब पेयजल की भी समस्या खड़ी हो गई है। जेके आशियाना और गौस नगर इलाके में भी कुछ इसी तरह की समस्या पिछले करीब दस दिन से बनी हुई। शिकायत करने पर यही जवाब दिया जाता है कि कर्मचारियों की टीम लगी हुई है। लेकिन फाल्ट नहीं मिल पा रहा है।

जाफरी कॉलोनी में काफी गहरे नाले को ही कुछ लोगों द्वारा पाट दिया गया है। इसकी वजह से इलाके का गंदा पानी बाहर नहीं निकल पा रहा है।

-मो। जाहिद

नगर निगम और जलकल विभाग के अफसरों से बार-बार शिकायत करने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। हम लोग बहुत परेशान हैं।

-मो। शोएब

रोड व गली में कीचड़ के कारण हमें स्कूल जाने में दिक्कत हो रही है। गंदगी व कीचड़ से होकर ही स्कूल जाना पड़ रहा है।

-मो। अली

अवैध कॉलोनी बसाने वाले लोगों से पैसा लेकर भाग गए। सीवर और नाला का काम नहीं हुआ। अब खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ रहा है।

-मो। इम्तेयाज

गंदगी और बदबू की वजह से अब बीमारी फैलने का खतरा बढ़ गया है। बच्चों के घर से बाहर निकलने पर बीमार होने का डर बना रहता है।

-निगार नकवी