अक्सर ओवरफ्लो करता है रोड के बगल से बहने वाला नाला, बस कहने को है पॉश एरिया

ALLAHABAD: शहर के ज्यादातर एरिया में बरसात के मौसम में वाटर लॉगिंग होती है। लेकिन पॉश एरिया वाले वार्ड 20 झूले लाल नगर में बारह महीने वाटर लॉगिंग की समस्या बनी रहती है। यहां रोड से सट कर नाला बहता है। लूकरगंज एरिया को शहर का सबसे पॉश एरिया कहा जाता है। यहां गवर्नमेंट डिपार्टमेंट के कई अधिकारी, डॉक्टर, इंजीनियर, जज के साथ ही बड़े-बड़े व्यापारी रहते हैं। सौ से अधिक बड़े-बड़े बंगले और दस से अधिक बड़े अपार्टमेंट इस वार्ड में हैं। इसके बाद भी यहां चारों तरफ गंदगी का ढेर लगा रहता है।

एट ए ग्लांस-

वार्ड-20 झूले लाल नगर

पार्षद- विजय पुर्सवानी

क्वालीफिकेशन- बीए

आबादी- 35 हजार

मतदाता- 16 हजार

क्षेत्रफल- डेढ़ किमी

मोहल्ला- लूकरगंज, घनश्याम नगर रेलवे कालोनी, सराय खुल्दाबाद, झूलेलाल नगर

सड़क- 6-10

झूलेलाल नगर वार्ड के लूकरगंज व अन्य इलाके की मेन रोड तो चकाचक है। लेकिन सबसे ज्यादा डिस्टर्ब लूकरगंज व चकिया की ओर जाने वाली गलियां हैं। इनमें नई बस्ती की सड़क जहां अभी तक बन नहीं पाई है, वहीं ज्यादातर गलियां सीवर लाइन बिछाने के लिए खोद कर छोड़ दी गई हैं। पूजा डेयरी वाली गली, संत बाबा आशुदाराम की गली, मजार के पीछे की रोड डिस्टर्ब है। लूकरगंज से चकिया की ओर जाने वाली रोड डिस्टर्ब है।

पानी- 7-10

वार्ड 20 में वाटर सप्लाई की ज्यादा समस्या नहीं है। क्योंकि पार्षद निवास के पास विद्यावती दरबारी स्कूल के सामने, कूड़ा अड्डा के पास बड़े ट्यूबवेल लगे हैं। कुछ बस्तियों में पानी की समस्या है, जहां पाइप लाइन बिछाई जानी है। वहीं सीवर लाइन बिछाने के दौरान पाइप लाइन टूटने से कुछ इलाकों में पानी की समस्या बनी रहती है। गंदे पानी की भी सप्लाई कुछ मोहल्लों में होती है।

सफाई- 5-10

लूकरगंज पुलिस चौकी के बगल में कूड़ा अड्डा बना दिया गया है। यहां लूकरगंज के साथ ही आस-पास के एरिया का कचरा फेंका जाता है। कूड़ा अड्डा हटाने की मांग पब्लिक की ओर से की जा रही है। लेकिन कूड़ा नहीं हटता है। वहीं मछली बाजार के पास कूड़े अड्डे वाली गली में भी गंदगी का ढेर लगा रहता है। पर डे कचरा उठता ही नहीं है। गलियों में भी गंदगी की समस्या है।

नाला-नाली- 3-10

पॉश एरिया लूकरगंज व झूलेलाल नगर की सबसे बड़ी समस्या यहां के खुले हुए, टूटे हुए और गंदगी से भरे हुए नाले हैं। अग्रसेन इंटर कॉलेज से डीएसए ग्राउण्ड, लूकरगंज मैदान से मदनानी हॉस्पीटल, मदनानी हॉस्पीटल से करबला चौकी, लूकरगंज से मछली बाजार जीटी रोड का खुला हुआ नाला परेशानी का कारण बना हुआ है। जिसकी सफाई न होने से पानी बैक फ्लो कर रोड पर बहता रहता है। बरसात में नहीं, गर्मी में भी जबर्दस्त वाटर लॉगिंग की स्थिति बनी रहती है।

आवारा पशु- 1-10

आवारा पशु, विशेष कर सुअर वार्ड 20 झूले लाल नगर की दूसरी सबसे बड़ी समस्या में एक हैं। इनकी संख्या लगातार बढ़ती चली जा रही है। सूअर पालन पर प्रतिबंध है। फिर भी कूड़ा अड्डा वाली गली में 200 से अधिक सूअर एक साथ पाले जाते हैं। ये दिन में छोड़ दिए जाते हैं। ये सूअर ही वार्ड में सबसे ज्यादा गंदगी फैलाते हैं। वहीं एक जगह और इसी तरह सौ-डेढ़ सौ की संख्या में सूअर पाले जाते हैं।

वार्ड बोलता है

लूकरगंज एरिया में पर डे झाड़ू लगता ही नहीं है और न ही पर डे कूड़ा उठता है। नालों की दीवार टूटी हुई है। इसकी वजह से गंदा पानी रोड पर बहता रहता है। शिशु शिखा सदन के सामने के नाले की दीवार टूटी हुई है। खुले नाले में बच्चे गिरकर घायल हो सकते हैं।

माधवेंद्र सिंह चौहान

नालियों की सफाई नहीं होती है। इससे गंदगी के साथ ही मच्छरों की भी पूरे वार्ड में भरमार है। कभी पाइप लाइन टूटने तो कभी किसी और कारण से अक्सर पेयजल आपूर्ति की समस्या बनी रहती है। इसे लेकर कई बार अधिकारियों से शिकायत की गई, सुनवाई नहीं हुई।

अजय अग्निहोत्री

सीवर लाइन बिछाने के लिए मदनानी हॉस्पिटल के समीप सड़क खोद दी गई। छह महीने बाद भी अब तक सड़क बनाई नहीं गई है। इससे लोगों को काफी परेशानी होती है। मोहल्ले में लगी स्ट्रीट लाइट में स्विच नहीं लगी है, जिससे उन्हें जलाने-बुझाने में दिक्कत होती है।

अंकुश चंद

मेन रोड पर जहां नाला का पानी बहता रहता है, वहीं गलियों की हालत खराब है। सीवर लाइन बिछाने के लिए खोदी गई गलियां आज तक नहीं बन सकी हैं। इससे मजबूरी में लोगों को जाम में फंसना पड़ता है। क्योंकि जाम लगने पर लोग इन्हीं गलियों का रूख करते हैं।

देवेंद्र सिंह

पब्लिक डिमांड-

1. वार्ड में कहीं भी पब्लिक यूटिलिटी की व्यवस्था नहीं है। कम से कम पांच यूरिनल बनवाए जाएं।

2. प्यास लगने पर लोग पानी पी सकें, इसके लिए स्टैंड पोस्ट की व्यवस्था की जाए।

3. लूकरगंज मैदान में विधायक निधि से लगे बंद पड़े ट्यूबवेल को चालू कराया जाए।

4. लूकरगंज मैदान में सोलर लाइट सिस्टम लगाया जाए।

जवाब दो पार्षद जी-

1. पांच साल में कराए गए कार्यो से क्या वार्ड के लोग संतुष्ट हैं?

लोगों को संतुष्ट करने और उनकी उम्मीदों पर खरा उतरने का पूरा प्रयास किया है। लड़-झगड़ कर ही सही वार्ड में साढ़े पांच करोड़ से ज्यादा का काम कराया है। 27 करोड़ की लागत से सीवर लाइन बिछाने का काम चल रहा है। मदनानी अस्पताल के पास सबसे ज्यादा जलभराव की समस्या थी। नाले को चौड़ा करया गया। जिससे वाटर लॉगिंग की समस्या 70 परसेंट तक कम हुई है।

2. क्या ऐसा कोई काम है, जिसे आप पूरा नहीं करा पाए और उसका दुख है?

लूकरगंज दुर्गा पूजा मैदान को मैं मॉडल मैदान बनाना चाहता था। इसके लिए प्रयास भी किया। लेकिन काम पूरा नहीं हो पाया। यही नहीं अपने वार्ड को आदर्श वार्ड बनाने की इच्छा थी, लेकिन नहीं बना पाया।

3. पूरे कार्यकाल में क्या नगर निगम के अधिकारियों का सहयोग मिला?

बिल्कुल नहीं, निगम के अधिकारी बिल्कुल सहयोग नहीं करते हैं। केवल फाइल यहां से वहां नचाते हैं। जो सड़क बनवाने के लिए कही गई, उसकी जगह दूसरी सड़क बनाई गई। अधिकारी पार्षद को तवज्जो नहीं देते हैं।