आगरा। यमुना में नहाने गए दो भाइयों में से एक की डूबने से मौत हो गई। जबकि दूसरे की जान बच गई। हादसे के बाद नदी किनारे लोग इकट्ठा हो गए। मामले की खबर मिलने पर मृतक के परिजन यमुना किनारे पहुंच गए। मौके पर कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस फोर्स भी पहुंच गया।

यमुनापार का है मामला

मामले के अनुसार मंगलवार सुबह नुनिहाई एरिया निवासी इकबाल का तकरीबन चौदह वर्षीय बेटा साहिल अपने छोटे भाई के साथ जौहरी बाग के पास स्थित यमुना नदी के किनारे पहुंच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इनके साथ में और भी कई लड़के वहां पहुंचे। कुछ लड़के थर्मोकॉल बांधकर नदी में उतर गए। साहिल और उसका छोटा भाई भी यमुना के पानी में चले गए।

डूबने लगा तो मचाया शोर

साहिल थोड़ी गहरे पानी के अंदर चला गया। पास में ही छोटा भाई भी था। ये दोनों खुद को संभाल नहीं सके। डूबते हुए देख वहां मौजूद लड़कों ने शोर मचा दिया। कुछ लड़कों ने बचाने की कोशिश की। सुहेल को तो बाहर निकाल लाए लेकिन, साहिल को डूबने से नहीं बचा सके।

पुलिस भी नहीं खोज सकी

घटना की जानकारी पर परिजन और एरिया के लोग यमुना किनारे पहुंच गए। थाना एत्माद्उद्दौला की पुलिस भी सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची। डूबे किशोर की तलाश के लिए रिवर पुलिस का स्टीमर और जवान भी बुला लिए गए। स्टीमर के जरिए जवानों ने काफी देर तक नदी में किशोर को तलाशा। तैराकों ने भी खोजबीन की लेकिन, सफलता नहीं मिली।

जाम लगाने की भी हुई कोशिश

यमुना में खोजबीन के लिए पुलिस की ओर से काफी मशक्कत करने के बाद भी जब किशोर नहीं मिला तो लोग आक्रोशित भी हुए। खोजबीन से लोग संतुष्ट नहीं थे। इसी का नतीजा रहा कि कुछ लोगों ने यमुना के हादसा स्थल से हटने के बाद नुनिहाई रोड पर जाम लगाने का प्रयास भी किया। लेकिन, मौके पर पहुंचकर पुलिस ने लोगों को सड़क से हटा दिया।

पहले भी हो चुके हादसे

नहाने के दौरान नदी में डूबने की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं। दशहरा पर्व के दौरान बड़ी संख्या में लोग यमुना नहाने के लिए जाते हैं। बीते कई सालों से इस दौरान हादसा भी हो जाता है। दरअसल यमुना नदी में जल स्तर एक जैसा नहीं है। किनारे से थोड़ा अंदर जाने के बाद ही कुछ जगहों पर गहरा पानी है। कुछ गड्ढे भी इसकी गहराई को और भी बढ़ा देते हैं। पानी की यह गहराई ही जानलेवा साबित होती है।