- गोसाईगंज में मुंशीगंज इलाके की घटना

LUCKNOW :

गोसाईगंज के मुंशीगंज गांव के पास मंगलवार देर रात तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो महिलाओं की मौत हो गई। दोनों महिलाएं डांसर थीं। देर रात दोनों हैदरगढ़ इलाके से एक कार्यक्रम में शामिल होकर अपने पतियों के साथ बाइक से वापस गोसाईगंज लौट रही थीं।

मौके पर ही हुई मौत

गोसाईगंज इलाके के सदरपुर करोरा मोहल्ला निवासी काजल (25) अपने पति शैलेश उर्फ हरिओम और पंकज की पत्नी राधा (21) डांसर थी। दोनों अपने पतियों के साथ हैदरगढ़ इलाके से एक कार्यक्रम में शामिल होकर बाइक से वापस लौट रही थी। गोसाईगंज क्षेत्र के मुंशीगंज गांव के पास एक बाइक के सामने कुत्ता आ गया। ब्रेक मारते ही एक बाइक फिसली और पीछे से आ रही दूसरी बाइक उससे टकरा गई। जिससे दोनों महिलाएं सड़क पर एक ओर गिर गई। पीछे से आ रहे तेज रफ्तार वाहन ने इन दोनों को रौंद दिया। दोनों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। जबकि इनके पति घायल हो गए।

कहीं कोई रहस्य तो नहीं

लगभग चार साल पहले गोसाईगंज इलाके में हुई एक सड़क दुर्घटना में ही शैलेश उर्फ हरिओम की पहली पत्नी की भी जान चली गई थी। उसका नाम भी काजल ही था। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस तरह से हादसे की जानकारी दी गई उसमें कई पेंच नजर आ रहे हैं। मसलन टक्कर मारने वाली गाड़ी के बारे में शैलेश जानकारी नहीं दे पा रहा है।