RANCHI : बेड़ो थाना क्षेत्र के पावर ग्रिड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड के समीप शनिवार को लगभग साढ़े बारह बजे एनएच 43 रांची-गुमला मुख्य मार्ग पर एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से सूमो विकटा असंतुलित होकर पेड़ को टक्कर मारते हुए ग्रिड के दीवार से जा टकराई। इससे सुमो में सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। मृतकों की पहचान इंद्रपुरी रांची रोड नं। 4 निवासी रिखेश सिन्हा (55) व कोमल सिन्हा (13) के रूप में हुई है। वहीं, घायलों में रत्‍‌नेश कुमार सिन्हा( 25 वर्ष), महिमा सिन्हा (16 वर्ष) व अनिता सिन्हा शामिल हैं।

इंद्रपुरी में रहते हैं परिजन

घटना के बाद हाइवा पेट्रोलिंग के एएसआई धर्मेंद्र कुमार ने पावरग्रिड में काम कर रहे मजदूरों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेड़ो पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने दो को मृत घोषित कर दिया। बाद में गंभीर रूप से घायल अनिता सिन्हा को बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया। घायल रत्‍‌नेश कुमार सिन्हा सह सूमो चालक ने बताया कि वे सभी रांची इंद्रपुरी रांची रोड नं 4 के निवासी हैं। वे अपने परिजनों से मिलने रांची से लोहरदगा जा रहे थे। इधर, पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया।