कौशाम्बी के बरीपुर में निर्माणाधीन अस्पताल को देख कर वापस लौट रहे थे मुंडेरा स्थित चंद्रौल अस्पताल के डॉ। जेके सिंह

ALLAHABAD: मुंडेरा पोगहट पुल स्थित चंद्रौल अस्पताल के डॉक्टर समेत दो लोगों की मौत हो गई। यह हादसा कौशाम्बी जिले के कोखराज थाना क्षेत्र में जीटी रोड पर लोहरा मोड़ के पास रविवार शाम हुआ। स्कूटी को टक्कर मारने के बाद डॉक्टर की जाइलो कार ट्रक से टकरा गई। स्कूटी सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। देर रात तक उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई है। हादसे के बाद ट्रक सहित चालक फरार हो गया। इलाहाबाद मुंडेरा पोगहट पुल स्थित चंद्रौल अस्पताल के डॉ। जेके सिंह बरीपुर में अस्पताल बनवा रहे थे। रविवार को वह कार्य की प्रगति का जायजा लेने बरीपुर गए थे। शाम करीब छह बजे अपनी जाइलो से इलाहाबाद वापस लौट रहे थे। जाइलो विजय चला रहा था। उनके साथ में दो गार्ड भी थे। लोहरा मोड़ के समीप पहुंचे ही थे कि सामने से आ रहे ट्रक के पीछे से स्कूटी सवार एक युवक ने ओवरटेक किया। विजय ने भी बाईं तरफ चल रहे स्कूटी सवार को ओवरटेक किया। इससे जाइलो और स्कूटी सवार में आमने सामने की टक्कर हो गई। इस टक्कर के बाद जाइलो आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मूरतगंज ले जाया गया। वहां के डॉक्टरों ने चिकित्सक व उनके ड्राइवर विजय एसआरएन हॉस्पिटल रेफर कर दिया। यहां डाक्टर जेके सिंह की मौत हो गई। जबकि चालक की हालत गंभीर बताई गई। दोनों गार्डों को मामूली चोटें आईं हैं।