शवों की शिनाख्त नहीं हो पाई
ranchi@inext.co.in
RANCHI: बुधवार की सुबह पिठोरिया घाटी में एक बार फिर रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां एक बाइक सवार को कुचलने के बाद साहिल नामक बस(जेएच-01एटी-6754) पलट गई। इस हादसे में बस पर सवार 22 लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। वहीं, बाइक सवार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सभी जख्मी लोगों को रिम्स में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक, घायलों में 10 की स्थिति गंभीर बनी हुई है। इनमें एक महिला का हाथ शरीर से अलग हो गया है। वहीं, हादसे में बाइक सवार समेत दो लोगों की मौत की बात कही जा रही है। हालांकि, शवों की शिनाख्त नहीं हो पाई है।

रांची से भुरकुंडा जा रही थी बस
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि यात्रियों से भरी बस रांची से भुरकुंडा जा रही थी। पिठोरिया घाटी में पहुंचने के बाद बस ने एक बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया। मौके पर ही बाइक सवार ने दम तोड़ दिया। इसके बाद ड्राइवर बस को लेकर भागने लगा। इसी बीच बस बेकाबू हो गई और पलट गई। इससे बस में सवार 22 यात्री जख्मी हो गए।

क्रेन से सीधी की गई बस
फौरन घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को रिम्स भिजवाया। यहां 10 यात्रियों की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने पलटी बस को क्रेन की मदद से उठवाया और मामले की जांच में जुट गई है।

पुलिस व प्रशासन ने दिखायी मुस्तैदी
दुर्घटना के तुरंत बाद पिठोरिया थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने कंट्रोल रूम को घटना की सूचना दी। इसके बाद विभिन्न अस्पतालों से 12 एंबुलेंस को दुर्घटनास्थल पर भेजा गया। पुलिस ने आनन-फानन में एक हाफ डाल ट्रक, हाइवे पेट्रोल वाहन और एंबुलेंस से घायलों को रिम्स पहुंचाया। रिम्स में घायलों के पहुंचने पर इमरजेंसी में बेड कम पड़ गए। इस कारण जमीन पर ही घायलों को लिटा कर इलाज शुरू किया गया। दुर्घटना की सूचना के बाद रिम्स के निदेशक समेत कई सीनियर डॉक्टर भी पहुंच गए थे।

मारे गए दोनों युवक अज्ञात
बस के धक्के से मारे गए दो युवकों की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पिठोरिया थानेदार ललन यादव पूरे मामले की जांच कर रहे हैं।

जख्मी लोगों की सूची
विनोद कुमार, चंदन साहू, विजय कुमार साहू, वीणा देवी, कलावती देवी, संदीप पंडित, संतोष लोहरा, रामदयाल गोप, मंडल राम समेत अन्य अज्ञात।