बेकाबू बस ने रौंदा, मौत के बाद परिवार में मातम का माहौल

ALLAHABAD: बहन की ससुराल से लौट रहे बाइक सवार चचेरे भाई ब्रम्हदेव व सत्यदेव की शनिवार दोपहर सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे से नाराज लोगों ने बस चालक को दौड़ाया तो वह वाहन छोड़कर भाग निकला। हादसा रीखीपुर गांव के करीब हंडिया जंघई मार्ग पर हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत कराया।

अंतिम संस्कार से लौट रहे थे

हंडिया थाना क्षेत्र के सिधवार गांव निवासी देवी चरण शुक्ला के दो बेटों में छोटा सत्यदेव था। उसकी बहन असवां जंघई गांव में ब्याही है। वहां से उसकी सास की मौत की सूचना आई तो सत्यदेव अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए चचेरे भाई ब्रम्हदेव शुक्ला पुत्र श्यामाचरण के साथ गया था। दोपहर में दोनों वापस लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक हंडिया थाना क्षेत्र के रीखीपुर गांव के करीब पहुंची सामने से आई बस ने टक्कर मार दी। टक्कर से दोनों जमीन पर लहुलूहान होकर गिर पड़े। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे की जानकारी पर परिवार के लोग रोते बिलखते घटनास्थल पर पहुंचे। ब्रम्हदेव दो भाईयों में छोटा था और अल्लापुर में डेयरी चलाता था। दर्दनाक हादसे से दोनों परिवारों में मातम छाया है। पुलिस का कहना है कि बस चालक की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।