गोवर्धन यात्रा कर ट्रैक्टर ट्रॉली से लौट रहा था परिवार

हादसे में 10 लोग हुए गंभीर रूप से घायल सभी को एसएन भेजा

आगरा। थाना मलपुरा में भीषण हादसे को देख लोगों की रुह कांप गई। ट्रक चालक की झपकी लोगों की जान पर भारी पड़ गई। भीषण टक्कर में ट्रॉली ट्रैक्टर समेत पलट गई जिसमें लोग दब गए। दो लोगों की मौत हुई और आधा दर्जन से अधिक घायल हो गए। चालक ट्रक छोड़ कर मौके से भाग निकला।

गोवर्धन परिक्रमा पर गए थे

थाना रेविया, बसेड़ी, धौलपुर का परिवार गुरुवार की सुबह आठ बजे ट्रैक्टर ट्रॉली से गोवर्धन यात्रा के लिए मथुरा गया था। परिवार के 12 सदस्य ट्रॉली में बैठे। यात्रा के बाद परिवार शुक्रवार की सुबह वापस लौटा। ट्रैक्टर शिवदत्त चला रहा था। दस बजे करीब ट्रैक्टर लालऊ और करारा गांव के बीच आया उसी दौरान पीछे एक ट्रक आ गया।

तेज गति से मार दी टक्कर

पीछे से आ रहे ट्रक के चालक को अचानक झपकी आ गई जिससे ट्रक अनियंत्रित हो गया। ट्रक की एक साइड ट्रॉली के पीछे तेजी से लगी। टक्कर होने के साथ ही तेज आवाज हुई और ट्रैक्टर ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। ट्रॉली में बैठे लोग गिर गए। कुछ उसके अंदर दब गए। ट्रक चालक ने मंजर देखा और तुरंत ट्रक छोड़ कर भाग निकला।

दो लोगों की हुई मौके पर मौत

लोगों की चीख-पुकार सुन आस-पास के ग्रामीण जमा हो गए। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। ग्रामीणों और पुलिस ने किसी तरह ट्रॉली में फंसे खून से लथपथ लोगों को बाहर निकाला। मौके पर परिवार के 75 वर्षीय राजेंद्र सिंह पुत्र राम सिंह, 18 वर्षीय सचिन पुत्र अशोक सिंह की मौत हो गई। सचिन चार भाई में सबसे बड़ा था। राजेंद्र किसान थे।

घायलों को भेजा एसएन

हादसे में शिवदत्त, सोमवती पत्‍‌नी उमेश सिंह, मोहित सिंह, करन सिंह, शारदा पत्‍‌नी पातीराम, मीना पत्‍‌नी दामोदर सिंह, सत्यवती पत्‍‌नी शिवदत्त, डब्बू उर्फ अनुज पुत्र परशुराम, गुड्डी पत्‍‌नी अशोक सिंह, रजनी पत्‍‌नी परशुराम घायल हो गए। इनमें से कुछ को परिजन प्राइवेट इलाज के लिए ले गए।