- सिलेंडर ब्लास्ट में झुलसे दो और की मौत

- गुलरिहा एरिया के बनरहां टोला में छह नवंबर की रात ब्लास्ट कर गया था सिलेंडर

- हादसे में हुई थी एक की मौत, अन्य झुलसे लोगों का चल रहा था उपचार

GORAKHPUR: गुलरिहा एरिया के सरहरी, बनरहां टोला में 6 नवंबर की रात सिलेंडर ब्लास्ट की घटना में झुलसे दो और लोगों की सोमवार को उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसे में एक व्यक्ति की तत्काल मौत हो गई थी। इस तरह अब तक इस घटना में तीन लोगों की जान जा चुकी है। हालांकि झुलसे बच्चे की हालत खतरे से बाहर है।

गैस रिसाव से हुआ था हादसा

गुलरिहा एरिया के सरहरी, बनरहा टोला निवासी गुरुदयाल परदेस में रहकर कमाते हैं। छह नवंबर की रात करीब आठ बजे उनकी पत्‍‌नी गंगोत्री गैस चूल्हे पर खाना बना रही थी। तभी गैस में रिसाव से आग लग गई। गंगोत्री और उसका पांच साल का बेटा विवेक आग की लपटों से घिर गए। शोर सुनकर पास पड़ोस के लोग जमा हो गए। थोड़ी देर में सिलेंडर की आग पूरे कमरे में फैल गई। घटना से पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई।

मां-बेटे को बचाने में फंसे पिता-पुत्र

शोर सुनकर गांव के नंद किशोर पासवान और उनके बेटे संजय भी पहुंचे। मां-बेटे को बचाने के चक्कर में दोनों कमरे में घुस गए। लेकिन तब तक गर्म हो चुका सिलेंडर दग गया। ब्लास्ट होने के साथ घर की छत उड़ गई। मकान ढहने से नंद किशोर, उसके बेटे संजय, गंगोत्री और विवेक मलबे में दब गए। गांव के लोगों ने आग बुझाकर सभी को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। वहां रात में ही नंद किशोर की मौत हो गई।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

नंद किशोर की मौत और कमासुत बेटे के झुलसने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिवार वाले किसी तरह से झुलसे लोगों का उपचार करा रहे थे। नंद किशोर के परिवार के लोग उनके ब्रह्माभोज की तैयारी कर रहे थे। सोमवार को उनके बेटे संजय की मौत की सूचना गांव में पहुंची। गांव के नवरतन व अन्य लोग मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। संजय का पोस्टमार्टम कराने के लिए लोग पंचनामा भरवा रहे थे तभी अस्पताल कर्मचारियों ने गंगोत्री की मौत की सूचना दी। गंगोत्री और संजय की मौत ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। घटना में झुलसे गंगोत्री के बेटे का उपचार चल रहा है।

वर्जन

सिलेंडर ब्लास्ट में झुलसी गंगोत्री और नंद किशोर के बेटे संजय की सोमवार को मौत हो गई है। कागजी कार्रवाई पूरी न हो पाने से गंगोत्री का पोस्टमार्टम मंगलवार को कराया जाएगा।

- खुर्शीद खां, सरहरी चौकी प्रभारी