RANCHI : झारखंड पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड के एक्स चेयरमैन ठाकुर बालमुकुंद शाहदेव के दो भाईयों और भतीजा की हत्या में शामिल नक्सली दस्ते के दो नक्सलियों को पुलिस ने मार गिराया है, जबकि जख्मी हालत में एक महिला नक्सली पकड़ी गई है। यह नक्सली दस्ता लातेहार डिस्ट्रिक्ट के तरवाडीह जंगल में कैंप कर रहा था। सर्च ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने दो राइफल, हैंड ग्रेनेड, सैकड़ों कारतूस, नक्सली साहित्य और पिट्ठू बरामद किए हैं।

महिला नक्सली ने किए कई खुलासे

पुलिस ने सर्च ऑपरेशन के दौरान तरवाडीह जंगल के ट्रेंच में एक महिला नक्सली जख्मी हालत में पड़ा देखा। उसकी जांघ में गोली लगी थी। पुलिस ने महिला नक्सली को कब्जे में कर पूछताछ शुरू की तो कई अहम खुलासे हुए। उसने बताया कि शाहदेव परिवार के तीन लोगों की हत्या में उन्हीं के दस्ते का हाथ था। इन्हें मारने के लिए पहले जाल बिछाया गया था। हत्या करने के बाद दस्ता वहां से कूच कर गया। उसने यह भी कहा कि नक्सली दस्ते के बड़े नक्सली महिला नक्सलियों का यौन शोषण करते हैं। नकुल यादव के दस्ते में कई महिला हैं, जो हथियार ढोने का काम करती हैं। महिला नक्सली ने अपना नाम बालमुनि और बालूमाथ थाना एरिया के पंडरा में घर बताया।

जन अदालत लगाकर कर दी थी हत्या

21 मार्च को प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा माओवादी के सशस्त्र दस्ते ने पिकनिक मनाने के गए एक ही परिवार के लाल किशोर नाथ शाहदेव, लाल जयकिशोर नाथ शाहदेव और लाल प्रमोद नाथ शाहदेव की जन अदालत लगाकर हत्या कर दी थी। ये तीनों झारखंड पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड के एक्स चेयरमैन ठाकुर बालमुकुंद नाथ शाहदेव के संबंधी थी।

हिंसा छोड़ मुख्यधारा में आएं नक्सली : डीजीपी

तरवाडीह जंगल में पुलिस के साथ मुठभेड़ में दो नक्सलियों के मारे जाने की जानकारी मिलने के बाद डीजीपी डीके पांडेय पुलिस पदाधिकारियों के साथ लातेहार पहुंचें। उन्होंने कहा कि नक्सली हिंसा का रास्ता छोड़ मुख्यधारा में लौटे। सरकार ने नक्सलियों के लिए नई सरेंडर पॉलिसी बनाई है, जिसका वे फायदा उठा सकते हैं।