- आधा दर्जन घायल, दोनों तरफ से पुलिस ने दर्ज किया केस

CAMPIERGANJ: कैम्पियरगंज थाना क्षेत्र के अलगटपुर गांव में सागौन का पेड़ काटे जाने को लेकर रविवार को दो पक्षों में विवाद हो गया। जमकर मारपीट हुई जिसमें आधा दर्जन लोग घायल हो गए। दोनों पक्षों से मिली तहरीर के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच कर रही है।

चकबंदी से बढ़ा विवाद

अलगटपुर निवासी रामबेलास यादव और परमेश्वर यादव का खेत अगल बगल ही है। चकबन्दी के दौरान राम बेलास का पेड़ परमेश्वर यादव के खेत मे पड़ गया और परमेश्वर का पेड़ रामबेलास के खेत में चला गया। पंचायत हुई कि दोनों ही अपना-अपना पेड़ काट लेंगे। परमेश्वर कुछ दिन पहले अपने हिस्से का पेड़ काट लिए।

पेड़ काटने से रोका

राम बेलास ने जब अपने हिस्से का पेड़ काटना चाहा तो परमेश्वर ने रोक दिया। इसे लेकर दोनों पक्ष में विवाद चल रहा था। इसी दौरान राम बेलास यादव ने अपने हिस्से का पेड़ चुपके से किसी को बेच दिया। इसी बीच किसी और ने वह पेड़ काट लिया। खरीदार का कहना है कि उसने तो अभी पेड़ काटा ही नहीं। रामबेलास को शक है कि परमेश्वर ने अपने खेत में लगा उसका पेड़ कटवा लिया। इस पर दोनों पक्षों में विवाद हुआ।

फिर कर ली मारपीट

अलगटपुर मेन चौराहे पर दोनों पक्ष में इसे लेकर कहासुनी और झड़प हुई। 100 नंबर पर कॉल किए जाने पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्ष को शांत करा दिया। पुलिस के जाने के बाद दोनो पक्ष अपने घर पहुंचे और फिर मारपीट कर ली। इसमें दोनों पक्षों के लोग घायल हुए हैं। एक पक्ष के थाने पहुंचने पर दूसरे पक्ष के लोग भी पहुंचे। दोनों तरफ से तहरीर दी गई तो पुलिस ने केस दर्ज कर लिया। परमेश्वर यादव ने राम बेलास, राम किशुन, रामपलट के खिलाफ तो रामबेलास ने परमेश्वर यादव, धर्मेन्द्र यादव, राममूल यादव व राम प्रवेश यादव के खिलाफ केस दर्ज कराया है।