- उरुवा एरिया का मामला

- मां ने दी तहरीर, मामले को रफादफा करने में जुटी पुलिस

GORAKHPUR: उरुवा एरिया में नाली निर्माण को लेकर हुए विवाद में मनबढ़ों ने अभद्रता की सारी हदें पार कर दीं। दो बहनों को दौड़ा कर उनकी पिटाई करने के बाद उनके कपड़े फाड़ कर छेड़खानी तक की गई। शोर सुनकर जुटे आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर बहनों को किसी तरह मनबढ़ों से छुड़ाया। लेकिन इस बीच मौका पाकर युवक फरार हो गए। घटना की जानकारी होने पर पीडि़ता की मां ने थाने में तहरीर दी लेकिन पुलिस कार्रवाई करने की जगह मामले को रफादफा करने में लगी रही। पीडि़तों का आरोप है कि पुलिस जांच का हवाले देते हुए मामले से पीछा छुड़ाने में लगी है।

नहीं हो रही सुनवाई

उरुवा एरिया में बुधवार सुबह 10 बजे एक जगह कुछ लोग एक व्यक्ति के घर के सामने नाली खुदवाने लगे। घर में उक्त व्यक्ति की दो बेटियां मौजूद थी। उन्होंने नाली खोदने का विरोध किया। आरोप है कि इसी बात को लेकर नाली खुदवा रहे लोग अपशब्द बोलते हुए लाठी डंडे से छोटी बहन को मारने लगे। बहन को पिटता देख बड़ी बहन बचाने पहुंची तो मनबढ़ों ने उसकी भी पिटाई कर दी। ये भी आरोप है कि दोनों बहनों के बाल पकड़ कर घसीटते हुए थोड़ी दूर ले जाकर बदसलूकी भी की गई और उनके कपड़े फाड़ दिए। लड़कियों के शोर मचाने पर जुटे गांव के लोगों ने बीच-बचाव किया। भीड़ जुटने पर मनबढ़ जानमाल की धमकी देते हुए फरार हो गए। बैंक से रुपए निकालकर घर पहुंची लड़कियों की मां को जब इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम को घटना की जानकारी दी। लेकिन पुलिस ने पीडि़तों की शिकायत पर करने की जगह जांच की बात कह टरका दिया।

वर्जन

यह छेड़खानी का मामला नहीं है। नाली विवाद को लेकर मारपीट हुई है। मामले की जांच करने के बाद ही कार्रवाई की जाएगी।

- अखिलेश कुमार सिंह, थानेदार, उरुवा