JAMSHEDPUR: सोनारी पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए दो आरोपित विभाष छुरिया व फिरोज आलम का बयान सुनकर पुलिस अधिकारी भी हतप्रभ हो गए। दोनों ही आरोपित ने चोरी-छिनतई की बात स्वीकारी। बताया कि वे अपनी प्रेमिका को गिफ्ट देने के लिए वारदात करते थे। गिरफ्तार आरोपितों में सोनारी डी ब्लॉक निवासी विभाष छुरिया उर्फ देवेश छुरिया तथा कदमा बीएच एरिया निवासी फिरोज आलम उर्फ अलान शामिल हैं। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों के पास से चोरी व छिनतई के दो मोबाइल फोन बरामद किया है। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त किया है।

पहले भी गए हैं जेल

इससे पूर्व भी गिरफ्तार आरोपित चोरी और छिनतई के मामले में जेल जा चुके हैं। गिरफ्तार आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। यह जानकारी सोमवार को सोनारी थाना परिसर में पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय दो अरविंद कुमार ने पत्रकारों को दी।

वकील के घर में चोरी

गिरफ्तार आरोपित ने पुलिस को दिए बयान में कहा है कि वह पहली घटना जमशेदपुर व्यवहार न्यायालय के अधिवक्ता सह झामुमो कार्यकर्ता सोनारी खुंटाडीह ए ब्लॉक निवासी धनाई मुर्मू के घर में किया। आरोपितों ने 16 मई 2018 की रात्रि रोशनदान से घुसकर मोबाइल चुराया था। जबकि दूसरी घटना सोनारी विशाल अपार्टमेंट निवासी केवी उषा नामक महिला से कागलनगर पेट्रोल पंप के पास एक सितंबर की संध्या पर्स की छिनतई की। छीने हुए पर्स में मोबाइल और कुछ रुपये थे। पुलिस ने दोनों मामले दर्ज कर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।