-आधा दर्जन लोगों को काट कर किया घायल

-घोड़ा काबू करने को पुलिस के साथ सीओ भी दौड़े

मेरठ। ब्रह्मापुरी थाना क्षेत्र में बुधवार की सुबह से लेकर दोपहर तक एक बेलगाम घोड़े ने जमकर उत्पात मचाया। बेलगाम घोड़ा कई घंटे तक सड़क पर इधर से उधर दौड़ता रहा। इस दौरान उसने कई लोगों को काट लिया। इसके अलावा कई लोगों को चोटिल भी कर दिया। मामले की जानकारी के बाद सीओ ब्रह्मापुरी सहित वन विभाग के कर्मचारी और पुलिसकर्मी भी घोड़े के पीछे दौड़ते रहे। बावजूद इसके, बेलगाम घोड़ा किसी के काबू में नहीं आया। बाद में एक युवक ने हिम्मत दिखाते हुए घोड़े को पकड़ा, तो एसओ ने उसे पांच सौ रूपए का इनाम दिया।

ये है मामला

दरअसल, बुधवार की सुबह तीन-चार घोड़े गणेशपुरी सब्जीमंडी के पास टहल रहे थे। एकाएक धमाके की आवाज सुनकर एक घोड़ा बिदक गया और उसने उत्पात मचाना शुरू कर दिया। घोड़े ने अपने घर के बाहर बैठी एक युवती को काट लिया। इसके बाद जब लोगों ने शोर मचाकर उसे दौड़ाया तो वह माधवपुरम की ओर भाग निकला।

कई लोगों पर हमला

इसके बाद उसने सड़क पर चल रहे लोगों पर हमला बोलना शुरू कर दिया। जिससे क्षेत्र में भगदड़ मच गई। मामले की जानकारी मिलने पर सीओ ब्रह्मापुरी धर्मेन्द्र चौहान, इंस्पेक्टर ब्रह्मापुरी दिनेश सिंह और वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई। सबने मिलकर घोड़े को काबू में करने का भरसक प्रयास किया। लेकिन बेलगाम घोड़ा माधवपुरम और सरस्वतीलोक में उत्पात मचाता हुआ दिल्ली रोड पर जा पहुंचा।

युवक ने किया काबू

इस दौरान उसने किसी के कंधे तो किसी गाल और गर्दन पर काटते हुए कई लोगों को घायल कर दिया। हालात यह थी कि घोड़ा जिधर भी जाता उधर, भगदड़ मच जाती। पीछे-पीछे आते भीड़ से रास्ते से हटने की गुजारिश करते रहे। आखिरकार घंटो के हंगामे के बाद जेनिस पैलेस के निकट एक तांगा चालक युवक ने घोड़े को काबू में करते हुए उसे बांध दिया। जिसके बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली।

युवक को दिया ईनाम

घोड़े को काबू में करने वाले रिजवान उर्फ प्रधान निवासी फतेउल्लापुर को इंस्पेक्टर ब्रह्मापुरी ने 500 रुपये का नकद इनाम देते हुए उसकी पीठ थपथपाई। घोड़े के मालिक का पता लगाया जा रहा है। उधर, घोड़े के काटने से घायल हुए सतीश पुत्र रघुवीर व अन्य को अस्पताल में भर्ती किया गया है।

घोड़े का उपचार कराया

घटना की जानकारी मिलने के बाद एनिमल केयर सोसाइटी के सचिव अंकित रस्तोगी व अंकुर रस्तोगी के साथ संस्था के डाक्टर अंशुमाली वारिष्ठ घोडे़ को देखने के लिये पहुंचे। उन्होंने टीम के साथ मौके पर बिगड़ैल घोडे़ का उपचार कराया।

वर्जन

घोड़े के बिगड़ने से खलबली मच गई थी। इस दौरान कई लोग चोटिल भी हो गए। बाद में घोड़े को काबू कर लिया गया।

-धर्मेन्द्र सिंह चौहान, इंस्पेक्टर ब्रह्मापुरी

--