बाढ़ थानांतर्गत भटगांव में एक युवक की अंगुली काटी
कोचिंग खोलने गए परमजीत को घर में बंद कर पीटा

कभी नक्सली फरमान दिया करते थे, 'तीन इंच/छह इंच छोटा कर दो'। तीन इंच यानी अंगुली और छह इंच यानी गला। हालांकि नक्सली और उसकी पंचायत का फरमान अब लगभग खत्म हो गई है। कई सालों बाद आपसी रंजिश का एक दर्दनाक खेल सामने आया है। बाढ़ के भटगांव पंचायत के रहने वाले परमजीत के दोनों हाथों की अंगुली उसी गांव के मनोज ने काट दी। घटना के बाद से मनोज और उसकी फैमिली के लोग फरार हैं। दोनों तरफ से थाने में मामला दर्ज करवाया गया है।

रुहें कांप जाए
इस घटना के तीन कारण बताए जा रहे हैं। पहला जमीन विवाद, दूसरा छेड़छाड़ और तीसरा एसएमएस। दरअसल, बिजली के तार को लेकर जमीन विवाद चल रहा था। दूसरे मामले में गीता देवी के साथ परमजीत ने छेड़छाड़ किया था। तीसरे मामले में परमजीत एसएमएस कर परेशान करता था। कुछ भी हो, पर 18 साल के युवक की जमकर पिटाई की गई। उसके दोनों हाथ की अंगुली काट दी गई। बदला का यह रूप इतनी भयावह कि रुहें कांप जाए. 
मैंने कुछ नहीं किया
पीएमसीएच के राजेंद्र सर्जिकल डिपार्टमेंट के आर्थोपेडिक वार्ड के बेड नंबर तीन पर दर्द से कराह रहे परमजीत ने बताया कि मनोज ने उसकी सारी अंगुली काट दी। मैंने कुछ भी नहीं किया। उसने बताया कि मैं छह बजे आवासीय मां सरस्वती विद्या मंदिर कोचिंग खोलने जा रहा था। जैसे ही मनोज के घर के पास से आया, पीछे से कुछ लोगों ने पकड़ लिया। घर के अंदर ले जाकर उनलोगों ने खूब पिटाई की। पहले डंडे से पीटा, फिर लोढ़ा को हाथ पर पटका। इसके बाद धारदार हथियार से मेरी अंगुली काट दी। एक हाथ की सभी और दूसरे हाथ की तीन अंगुली काट दी। पीएमसीएच में वह मां पार्वती देवी और भाई के साथ बेड पर पड़ा है. 
दोनों ओर से एफआईआर
इस संबंध में बाढ़ के एसपी सौरभ शाह ने बताया कि दोनों तरफ से एफआईआर हुई है। इसमें परमजीत की ओर से मनोज यादव, उसकी पत्नी गीता देवी और बेटा प्रभात करण पर मारपीट और हत्या की कोशिश का मामला दर्ज करवाया गया है। वहीं, मनोज की पत्नी गीता देवी ने अटेम्प्ट टू रेप का मामला दर्ज करवाया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है। पुलिस तीनों-चारों एंगल पर एक साथ काम कर रही है।