-हरिश्चन्द्र पीजी कॉलेज के छात्रसंघ चुनाव में सपा का दबदबा, जीता पूरा पैनल

-महामंत्री पद पर पवन कुमार यादव और उपाध्यक्ष पद पर मुकेश यादव का कब्जा

VARANASI

हरिश्चंद्र कॉलेज के छात्रसंघ चुनाव में समाजवादी छात्रसभा ने जीत दर्ज करते हुए सभी मुख्य पदों पर कब्जा जमा लिया। बुधवार को गहमागहमी के बीच हुए छात्रसंघ चुनाव में अभिषेक यादव अध्यक्ष पद के लिए निर्वाचित हुए। वहीं उपाध्यक्ष पद पर मुकेश यादव को जीत मिली। महामंत्री पद पर पवन कुमार यादव ने बाजी मारी तो पुस्तकालय मंत्री पर अरशद राईन निर्वाचित हुए। प्रधान चुनाव अधिकारी डॉ। विजय कुमार राय ने जैसे ही परिणाम की घोषणा की, समर्थकों ने नारे बुलंद करते हुए अपने नये पदाधिकारियों का स्वागत जोश और उमंग के साथ किया। देर शाम निर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलायी गयी। अध्यक्ष पद पर सीधा मुकाबला हुआ।

10वें चरण तक हुआ मुकाबला

चुनाव परिणाम में हार का अन्तर इतना कम था कि उम्मीदवारों में अंत तक टक्कर होती रही। दसवें चरण के बाद कुछ तस्वीर साफ हो गयी थी। अभिषेक ने जब दो सौ का लीड लिया और अंत तक इस अंतर को बरकरार रखा। काउंटिंग के दौरान कैंडीडेट्स और उनके समर्थकों के बीच काफी गहमा गहमी थी।

सिर्फ 36.1 फीसद वोटिंग

कैंपस में कुल स्टूडेंट्स की संख्या लगभग 7,549 है लेकिन मतदान में उस तरह की उमंग नहीं दिखी जो इसके पूर्व हुए छात्रसंघ के चुनाव में रही। इस बार केवल 2,770 वोट ही पड़े। आंकड़ों में बात की जाय तो लगभग 36 फीसद। सुबह दस बजे तक कई बूथों पर केवल दस से बारह ही वोट पड़े थे। चुनाव के लिए बने 16 बूथों पर मतदान कम होने से टीचर्स भी निराश दिखे।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

छात्रसंघ चुनाव के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना से निबटने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतेजाम किये गये थे। मौके पर स्थानीय थाने की पुलिस बल के अलावा पीएससी की दो बटालियन भी लगायी गयी थी। इसके अलावा एक मजिस्ट्रेट को भी जिला प्रशासन की ओर से तैनात किया गया था। परिसर में सुरक्षा की दृष्टि से बैरियर लगाया गया था।

किसके खाते में कितने मत

- अध्यक्ष पद :

अभिषेक यादव -1,435 व नीरज कुमार चौबे -1,289

नोटा-32, हार-जीत का अंतर-164

-उपाध्यक्ष पद :

मुकेश यादव -1,412 व निशांत श्रीवास्तव- 1,274

नोटा- 57, हार-जीत का अंतर-138

-महामंत्री पद :

पवन कुमार यादव-1,486 व सूरज पटेल-1,182

नोटा - 63 हार -जीत का अंतर-304

- पुस्कालय मंत्री पद :

अरशद राईन- 1,426 व विशाल कन्नौजिया-1,238

नोटा -64, हार-जीत का अंतर-188