Sardhana : रविवार देर शाम बाइक पर सवार होकर अपने गांव जा रहे झिटकरी निवासी एक बीडीसी सदस्य को किसी ने गोली मार दी। गोली जांघ में गलने से बीडीसी सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गया। सड़क से गुजर रहे लोगों ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेरठ रेफर कर दिया गया। घटना को लेकर परिजनों में रोष फैला हुआ है। परिजनों ने गांव में चली आ रही रंजिश के कारण घटना को अंजाम दिए जाने की आशंका जताई है। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई थी।

राजेंद्र विश्वकर्मा पुत्र नत्थू बीडीसी सदस्य हैं। रविवार सुबह वह सरधना में किसी काम से आया हुआ था। देर शाम वह बाइक द्वारा वापस गांव के लिए चल दिया। वह जैसे ही रजवाहे के निकट पहुंचा तो उसपर कुछ लोगों ने गोलियां चला दी। एक गोली उसकी जांघ में लगी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। कुछ देर बाद उधर से गुजरे गांव के लोगों ने राजेन्द्र को लहुलुहान हालत में दे2ा गांव में इसकी सूचना दी। इसके अलावा उन्होंने पुलिस को भी मामले से अवगत कराया। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल को उठाया और उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया। सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी हालत चिंताजनक देख उसे मेरठ रेफर कर दिया। उधर घटना का पता चलते ही ग्रामीण सीएचसी पर पहुंच गए। उन्होंने आशंका जताई कि राजेन्द्र पर जो जानलेवा हमला हुआ है वह चुनावी रंजिश के चलते हुआ है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई थी। परिजनों की ओर से थाने में खबर लिखे जाने तक कोई तहरीर नहीं दी गई थी।