बरेली पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, कहा भाजपा सरकार आई तो माया-मुलायम जाएंगे जेल

विस चुनाव में 265 प्लस सीटों का बनाया टारगेट, राम मंदिर नहीं, विकास रहेगा एजेंडा

BAREILLY:

देश के सबसे बड़े राज्य यूपी को सपा और बसपा ने पिछले 14 साल में लूटने का काम किया है। राज्य की 20 करोड़ की जनता संग सपा व बसपा ने खिलवाड़ किया है। यूपी को जनता को इन दोनों ही पार्टियों से बचाना होगा। भाजपा 2017 विस चुनाव में जीत हासिल कर पार्टी संग जनता के पिछले 14 साल के वनवास को खत्म करेगी। मंडे देर रात बरेली पहुंचे भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने भाजपा कार्यकर्ताओं से परिचय सम्मेलन के दौरान यह बातें कही। प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से 'कांग्रेस मुक्त भारत देश की तर्ज पर सपा-बसपा मुक्त उत्तर प्रदेश' बनाने का संकल्प लिया। साथ ही कहा रामलला मंदिर भाजपा की प्राथमिकता में है, लेकिन चुनाव विकास के एजेंडे पर ही होगा।

सीएम के लिए कई चेहरे

रात 11 बजे एग्जीक्यूटिव क्लब में हुए कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष संग केन्द्रीय मंत्री संतोष कुमार गंगवार, शहर विधायक डॉ। अरुण कुमार, जिलाध्यक्ष रविन्द्र सिंह राठौर व महानगर अध्यक्ष उमेश कठेरिया समेत अन्य भाजपा नेता मौजूद रहे। प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को अपना भगवान कहा और उनसे विस चुनाव में बरेली मंडल की सभी 25 विधानसभा सीटों समेत यूपी में 265 से ज्यादा सीटों पर कमल खिलाने को कहा। सीएम के लिए सपा में अखिलेश और बसपा में मायावती के सवाल पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यह दोनों पार्टी परिवारवादी हैं। भाजपा में समय आने पर एक नहीं 100 चेहरे सीएम पद के दावेदार हाे जाएंगे।

किसान विरोधी है सपा

अगस्टा वेस्टलैंड घोटाले का जिक्र कर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि घोटाले में शामिल कांग्रेस के नेताओं को सजा दिलाई जाएगी। हालांकि प्रदेश अध्यक्ष के निशाने पर खासकर सपा ही रही। कहा यूपी में सपा की साइकिल पंक्चर है। यूपी में गुडों का राज है। यह सरकार किसान विरोधी है। पीएम मोदी की किसान बीमा योजना पर सपा सरकार ने एक भी बीमा कंपनी को नामित नहीं किया। जनता भाजपा को जिताना चाह रही। कार्यकर्ता पूरा जोर लगा दें, बूथ लेवल पर मतदाताओं की सूची बनाएं। कार्यकर्ता मेहनत नहीं करेंगे तो जनता को लगेगा भाजपा पिछड़ रही। ऐसे में वह सपा-बसपा की ओर जाने को मजबूर होगी।