- दोपहर डेढ़ बजे जीपीओ से शुरू होगा रोड शो

- साढ़े तीन बजे घंटाघर पर जनसभा को सम्बोधित करेंगे राहुल गांधी

LUCKNOW : कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी सैटर डे को ताज होटल में दोपहर एक बजे मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। इसके बाद वह जीपीओ के लिए निकलेंगे। यहां पर दो बजे से राहुल गांधी और मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का रोड शो शुरू होगा। यूपी के विधानसभा चुनाव के चलते कांग्रेस व समाजवादी पार्टी के बीच हुए गठबंधन के बाद यह पहला मौका होगा। जब दोनों पार्टियों के बड़े नेता एक साथ रोड शो में शामिल होंगे। कांग्रेस व समाजवादी पार्टी के नेता इस मेगा रोड शो को सफल बनाने के लिए पूरी तैयारी में जुट गए हैं। यह रोड शो दोनों पार्टियों की ओर से संयुक्त तौर पर विकास से विजय की ओर संदेश के तौर पर जनता के बीच प्रस्तुत किया जाएगा। सूत्रों के अनुसार प्रेस कॉन्फ्रेंस में गठबंधन के बाद सीएम चेहरे को लेकर अखिलेश यादव की अधिकारिक घोषणा भी हो सकती है। इस दौरान दोनों पार्टियों का संयुक्त घोषणा पत्र भी जारी किया जा सकता है।

यूपी को यह साथ पसंद है

इस मेगा रोड शो के दौरान दोनों पार्टियों के गठबंधन को मजबूत दिखाने के लिए एक गाना भी लांच किया जाएगा। पूरे रोड रोड शो के दौरान सपा के नए चुनावी गाने यूपी को यह साथ पसंद है भी बजेगा। इस मौके पर गाने के स्लोगन वाला संयुक्त पोस्टर भी जारी किए जाने की तैयारी है। इसमें अखिलेश व राहुल गांधी के साथ दोनों पार्टियों का चुनाव चिन्ह भी होगा।

बॉक्स

यह होगा रोड शो का रास्ता

रोड शो जीपीओ से हजरतगंज, मेफेयर तिराहा से नावेल्टी सिनेमा, निशात सिनेमा, कैसरबाग चौराहे से कैसरबाग बस अड्डा, अमीनाबाद-महिला कॉलेज के सामने से होते हुए, मौलवीगंज, रकाबगंज, नेहरू क्रास से यहियागंज, नादान महल रोड से नक्खास चौराहा, अकबरी गेट से चरक चौराहा, चौक चौराहा, कोनेश्वर चौराहे से होते हुए घंटाघर पहुंचेगा।

जनसभा को करेंगे सम्बोधित

कांग्रेस के मीडिया इंचार्ज व पूर्व मंत्री सत्यदेव त्रिपाठी ने बताया कि यह रोड शो करीब डेढ़ घंटे में घंटाघर पहुंचेगा। यहां पर राहुल गांधी एक जनसभा को सम्बोधित करेंगे। उन्होंने बताया कि राहुल गांधी के इस रोड शो कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए प्रदेश कंाग्रेस मुख्यालय में प्रदेश कंाग्रेस अध्यक्ष राजबब्बर की अध्यक्षता में शहर के प्रमुख कांग्रेसी नेताओं की बैठक हुई।