- कहीं पति-पत्नी, तो कहीं मां-बेटे लड़ रहे चुनाव

आगरा। जनपद में 11 फरवरी को मतदान है। सियासी सूरमा मैदान में हैं। तैयारियां को अंतिम रूप दिया जा रहा है। समर्थक जीत-हार का गणित लगाने में जुटे हुए हैं। लेकिन, जनपद की नौ सीटों में से कई पर अपनों का अपनों से मुकाबला होगा। कहीं, पिता-पुत्री तो किसी सीट पर मां-बेटे आमने-सामने हैं।

इन सीटों पर होगा सगे-सम्बन्धियों में मुकाबला

आगरा की नौ सीटों पर सगे-संबंधियों में मुकाबला होगा। आगरा दक्षिण विधानसभा की सीट पर भाजपा प्रत्याशी योगेन्द्र उपाध्याय के मुकाबले में उनकी पत्नी प्रीति उपाध्याय भी इसी सीट से मैदान में हैं। खेरागढ़ विधानसभा सीट से निर्दलीय प्रत्याशी के रुप में रामनाथ सिंह का अपनी मां जल देवी से मुकाबला होगा। बाह विधानसभा क्षेत्र से बसपा प्रत्याशी मधुसूदन शर्मा का मुकाबला उनकी पत्नी मंजू शर्मा से होगा। इसके अलावा भाजपा प्रत्याशी रानी पक्षालिका सिंह के सामने उनके पति राजा महेन्द्र अरिदमन सिंह मैदान में थे, लेकिन बाद में मंजू शर्मा और अरिदमन सिंह ने अपना पर्चा वापस ले लिया। इसके अलावा आगरा छावनी विधानसभा सीट से पूर्व उद्यान मंत्री नारायण सिंह सुमन के बेटे अवधेश सुमन उर्फ रामू रालोद से मैदान में हैं, जबकि नारायण सिंह सुमन आगरा ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र से मैदान में किस्मत अजमा रहे हैं।

राजनीतिक दलों में बढ़ रहा परिवारवाद का ग्राफ

राजनीतिक दलों के परिवारवाद को रोकने के दावे विधानसभा चुनाव 2017 में हवा-हवाई हो रहे हैं। इस बार भी सपा, भाजपा, बसपा और कांग्रेस ने भी सगे-संबंधियों को टिकट दिए। सबसे पहले भाजपा की बात करें तो फर्रुखाबाद सीट से सुनील दत्त द्विवेदी को प्रत्याशी बनाया है, जो ब्रह्मादत्त द्विवेदी के बेटे हैं। कल्याणपुर सीट से प्रेमलता कटियार की बेटी नीलिमा कटियार को टिकट दिया गया है। अतरौली अलीगढ़ से पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के पौत्र संदीप सिंह, कैराना सीट से सांसद हुकुम सिंह की बेटी मृगांका को टिकट दिया गया है। लालजी टंडन के बेटे आशुतोष टंडन लखनऊ पूर्वी से प्रत्याशी हैं। केन्द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह के बेटे पंकज सिंह को टिकट दिया है। पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सिंह के बेटे अनुराग को टिकट दिया गया है। वहीं स्वामी प्रसाद मौर्य के बेटे उत्कृष्ट मौर्य को ऊंचाहार से टिकट दिया गया है। सपा में जसवंत नगर से शिवपाल सिंह, आजम खां के बेटे अब्दुला खान स्वार सीट, मुलायम सिंह यादव की पुत्रवधू अर्पणा यादव को लखनऊ कैंट से टिकट दिया गया है। बसपा में पूर्व ऊर्जा मंत्री रामवीर उपाध्याय के भाई मुकुल उपाध्याय शिकारपुर से प्रत्याशी हैं। इसके अलावा वीर सिंह के बेटे व अन्य को भी टिकट दिया गया है। कांग्रेस में पूर्व मंत्री जितेन्द्र प्रसाद के बेटे जितिन प्रसाद को तिलहार सीट, विधायक अखिलेश सिंह की बेटी अदिति को रायबरेली से टिकट दिया गया है। इसके अलावा भी कई सगे-संबंधियों को टिकट दिए गए हैं।