शहर दक्षिणी से विस चुनाव लड़ेंगी मेयर अभिलाषा गुप्ता

दल मिला तो ठीक नहीं तो निर्दल पेश करेंगी दावेदारी

ALLAHABAD: समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी को छोड़ कर भाजपा और कांग्रेस ने अभी तक शहर दक्षिणी से अपने प्रत्याशियों के नामों का खुलासा नहीं किया है। किसी नेता को चुनाव मैदान में नहीं उतारा है। लेकिन पूर्व मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने शहर दक्षिणी विधान सभा सीट से अपनी पत्नी और इलाहाबाद की मेयर अभिलाषा गुप्ता नंदी को चुनाव मैदान में उतारने का ऐलान कर दिया है। मेयर किस पार्टी के टिकट से चुनाव लड़ेंगी उन्होंने इसका खुलासा नहीं किया है। लेकिन यह जरूर कहा है कि प्रत्येक दशा में चुनाव लड़ेंगी। किसी पार्टी से टिकट मिला तो ठीक नहीं तो निर्दल प्रत्याशी के रूप में दावेदारी पेश करेंगी। मंगलवार को सिविल लाइंस स्थित एक रेस्टोरेंट में पत्रकार वार्ता के दौरान पूर्व मंत्री ने यह खुलासा किया।

काफी दिनों से थी चर्चा

मेयर अभिलाषा गुप्ता के चुनाव मैदान में उतरने की चर्चा काफी दिनों से चल रही थी। भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी की मीटिंग के दौरान जब उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत किया था तो उनके भाजपा में शामिल होने की चर्चा जोरों पर थी। लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। कुछ दिनों पहले ही मेयर ने सोशल साइट पर एक पोस्ट किया था, जिसमें उन्होंने पब्लिक से पूछा था कि किस पार्टी से चुनाव लड़ना चाहिए। जिसमें ज्यादातर लोगों ने पहले भाजपा से चुनाव लड़ने फिर निर्दल ही चुनाव मैदान में उतरने का सुझाव दिया था।

आगाज के लिए सभी को धन्यवाद

पूर्व मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने अपनी बात की शुरुआत आगाज-2017 के सफलता और धन्यवाद से की। उन्होंने आगाज को सफल बनाने के लिए सभी के प्रति धन्यवाद दिया। कहा कि आगाज की सफलता के बाद व्यापारियों में जबर्दस्त ऊर्जा का संचार हुआ है। जिन्होंने आगामी विधानसभा व अन्य चुनावों को लेकर अपनी दावेदारी करनी शुरू कर दी है। जिसके लिए वे प्रतिबद्ध हैं।

तो बनाएंगे रणनीति

वार्ता के दौरान सवाल किया गया कि क्या वे कांग्रेस का साथ छोड़ रहे हैं? क्या कांग्रेस अधिक से अधिक व्यापारियों को टिकट देने के लिए तैयार नहीं है। इस सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि वे व्यापारियों के अधिकार की लड़ाई लड़ रहे हैं। इसका मतलब ये नहीं कि कांग्रेस का साथ छोड़ दिया है। राष्ट्रीय कांग्रेस की मीटिंग होने वाली है, जिसमें बात रखी जाएगी। यही नहीं चुनाव में अधिक से अधिक व्यापारी समाज की भागीदारी सुनिश्चित कराने के लिए अन्य पार्टियों से संपर्क किया जाएगा। अगर किसी पार्टी का संतोषजनक सहयोग नहीं मिला तो नंदी सेवा संगठन के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मीटिंग कर के अपनी रणनीति बनाएंगे।

शहर दक्षिणी क्लीयर है

पूर्व मंत्री ने कहा कि शहर दक्षिणी से मेयर अभिलाषा गुप्ता का चुनाव लड़ना, पूरी तरह से तय है। प्रत्येक दशा में वे चुनाव लड़ेंगी। कोई पार्टी टिकट दे या न दे। शहर दक्षिणी के अलावा शहर पश्चिमी, कोरांव, बारा, चायल, मंझनपुर, सिराथू में भी नंदी सेवा संस्थान मजबूत स्थिति में है। इस दौरान सवाल पूछा गया कि वे किस विधानसभा से चुनाव लड़ेंगे? क्या कांग्रेस का साथ छोड़ देंगे? तो उन्होंने पहले तो इस तरह की संभावना से इनकार किया, बाद में यह भी कहा कि राजनीति में कुछ भी हो सकता है। बातचीत के दौरान प्रयाग व्यापार मंडल के उपाध्यक्ष अरुण केसरवानी भी मौजूद रहे।

शहर दक्षिणी से प्रत्याशी

सपा- विधायक परवेज अहमद टंकी

बसपा- हाजी माशूक खान

भाजपा- अभी घोषित नहीं

कांग्रेस- अभी घोषित नहीं