- बसपा से आए ज्यादातर नेताओं को भाजपा की पहली सूची में मिली जगह

- भाजपा के पुराने नेताओं को किया गया दरकिनार, टिकट न मिलने से मायूसी

- मंगलवार को जारी हो सकती है दूसरी लिस्ट, भाजपा के नेताओं में बेचैनी

LUCKNOW: चुनाव से पहले दल बदलने वाले नेताओं को भाजपा ने टिकट देकर अपने दिल में जगह दे दी। सोमवार को जारी भाजपा की पहली सूची में दस से ज्यादा ऐसे नेताओं क ो टिकट दिया गया जो बसपा, सपा, रालोद और कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए थे। सबसे ज्यादा टिकट बसपा से आए नेताओं को मिले हैं जिससे साफ है कि भाजपा की नजरें बसपा के वोट बैंक पर हैं। भाजपा के पुराने निष्ठावान नेताओं को इससे गहरा झटका लगना स्वाभाविक है। इससे यह भी साफ हो गया कि चुनाव के दौरान भाजपा को अंदरूनी विद्रोह का सामना भी करना पड़ सकता है। खासकर पश्चिमी उप्र में जिन सीटों पर बसपा के पूर्व नेताओं को तरजीह दी गयी है वहां पार्टी को चुनाव में दिक्कतें पेश आ सकती है।

बसपा से आए नेताओं का टिकट से स्वागत

भाजपा की पहली सूची में बसपा से आए नेताओं की पौ-बारह रही। नटहौर से ओम कुमार को टिकट दिया गया है। इसी तरह बेहट से महावीर राणा, नकुड़ से धर्म सिंह सैनी, पलिया से रोमी साहनी, गोला गोकर्णनाथ से अरविंद गिरि, तिलहर से रोशन लाल वर्मा और दौराला से बाला प्रसाद अवस्थी को टिकट मिला है। इसी तरह सपा से आए पूर्व काबीना मंत्री राजा महेंद्र अरिदमन सिंह की पत्‍‌नी रानी पक्षालिका सिंह को आगरा के बाह से टिकट दिया गया है। राष्ट्रीय लोकदल से आए पूरण प्रकाश को मथुरा की बलदेव सीट से प्रत्याशी घोषित किया गया है। इसी तरह रालोद से आए ठाकुर दलवीर सिंह को अलीगढ़ की बरौली सीट से प्रत्याशी बनाया है। वहीं कांग्रेस का दामन छोड़ भाजपा में आए प्रदीप चौधरी को गंगोह से टिकट दिया गया है। पार्टी ने अभी पश्चिमी उप्र की कई अहम सीटों गाजियाबाद, साहिबाबाद, कैराना, मेरठ कैंट आदि में प्रत्याशी घोषित नहीं किए है। वहीं मेरठ दक्षिणी से पार्टी ने अपने सिटिंग विधायक रवींद्र भड़ाना का टिकट काटकर सोमेंद्र तोमर को प्रत्याशी घोषित किया है।

पश्चिम में फिर फायर ब्रांड नेताओं को उतारा

पार्टी ने पश्चिमी उप्र के चुनावी समीकरणों को ध्यान में रखते हुए एक बार फिर फायर ब्रांड नेताओं को टिकट वितरण में जगह दी है। थाना भवन से सुरेश राणा को प्रत्याशी घोषित किया गया है तो सरधना से संगीत सोम को भगवा लहराने की जिम्मेदारी दी गयी है। इसी तरह मेरठ शहर से भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ। लक्ष्मीकांत बाजपेई को प्रत्याशी बनाया गया है। पार्टी ने अपने राष्ट्रीय सचिव श्रीकांत शर्मा को मथुरा से चुनाव लड़ाने का फैसला लिया है। मालूम हो कि श्रीकांत शर्मा को अमित शाह की कोर टीम का सदस्य माना जाता है। वहीं साहिबाबाद सीट से अभी प्रत्याशी घोषित नहीं किया गया है। साहिबाबाद से केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह के पुत्र पंकज सिंह टिकट के दावेदारों में शामिल हैं। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री एवं राजस्थान के राज्यपाल के पोते संदीप सिंह को टिकट मिला है।