नगर निगम व जलकल के पुनरीक्षित बजट को कार्यकारिणी दे चुकी है मंजूरी

ALLAHABAD: कार्यकारिणी पहले ही मंजूरी दे चुकी थी। अब इसे सदन में पास कराना था। इसके लिए बुधवार को मिटिंग भी बुलाई गई थी। सदस्य जुटने भी लगे थे। लेकिन, इसके पहले ही निर्वाचन आयोग ने विधानसभा चुनाव की तिथियां घोषित करते हुए तत्काल प्रभाव से आचार संहिता लागू कर दी। इसके चलते कार्रवाई स्थगित कर दी गई। नगर निगम के जिम्मेदारों का कहना है कि आधा मार्च चुनाव में निकल जाएगा। इससे अब वह पुनरीक्षित बजट पास मान लिया जाएगा जिसे कार्यकारिणी अनुमोदित कर चुकी है।

कोरम होता तो स्थगित न होती मीटिंग

सदन के लिए दोपहर बारह बजे का समय निर्धारित किया गया था। मेयर अभिलाषा गुप्ता दोपहर बारह बजे सदन में जब पहुंची तो उस समय गिनती के ही पार्षद मौजूद थे। तब तक आचार संहिता लागू नहीं हुई थी। पार्षदों की मौजूदगी कम होने और कोरम पूरा न होने के कारण मीटिंग को 30 मिनट के लिए स्थगित किया गया। तब तक पार्षदों की कुछ संख्या बढ़ी। लेकिन, इसी बीच मुख्य चुनाव आयुक्त ने चार अन्य राज्यों के साथ ही उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की घोषणा कर दी। इसी के साथ उत्तर प्रदेश में चुनाव आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गयी। इसके चलते सदन की कार्रवाई को सदन शुरू होने से पहले ही स्थगित करना पड़ा। सदन से पहले कार्यकारिणी की मीटिंग में लिए गए निर्णय और संस्तुति को ही अब फाइनल माना जाएगा।

प्रदेश में चुनाव आचार संहिता लागू हो जाने के चलते सदन की मिटिंग स्थगित कर देनी पड़ी है। पुनरीक्षित बजट चूंकि कार्यकारिणी में पास हो चुका है, इसलिए अब उसे सदन से भी पास माना जाएगा।

अभिलाषा गुप्ता

मेयर, नगर निगम