शहर के तीन स्थानों से कूच करेंगे मतदान कर्मी

प्रशासन ने किए पुख्ता इंतजाम, मैदानों पर पहुंचे वाहन

ALLAHABAD: चौथे चरण का मतदान गुरुवार को होना है। इसमें जिले की बारह विधानसभाएं भी शामिल हैं। इसके लिए पोलिंग पार्टियां बुधवार सुबह शहर के तीन अलग-अलग स्थलों से रवाना होंगी। यही से मतदान कर्मियों को ईवीएम, वीवी पैट, स्टेशनरी एवं अन्य निर्वाचन सामग्री प्रदान की जाएंगी। सुरक्षा और व्यवस्था को देखते हुए जिला प्रशासन ने तीन अधिकारियों को मजिस्ट्रेट नामित किया है।

सुबह से लग जाएगा मेला

पोलिंग पार्टियां सुबह सात बजे से रवाना होने लगेंगी। इनमें भारत स्काउट एंड गाइड व एनसीसी ग्राउंड से फाफामऊ, सोरांव और फूलपुर विधानसभा की पोलिंग पार्टियां कूच करेंगी। इसी तरह केपी कॉलेज ग्राउंड से इलाहाबाद पश्चिम, उत्तरी और दक्षिणी विधानसभा की पोलिंग पार्टियां जाएंगी। परेड ग्राउंड से प्रतापपुर, हंडिया, मेजा, करछना, कोरांव और बारा की पार्टियों रवानगी होनी है। तीनों मैदानों के लिए क्रमश: एडीएम प्रशासन महेंद्र कुमार राय, एडीएम वित्त एवं राजस्व डीएस पांडेय और एडीएम सिटी पुनीत शुक्ला को मजिस्ट्रेट बनाया गया है।

तैयारियों पर एक नजर

कुल पीठासीन अधिकारी-5625

पोलिंग आफिसर प्रथम-5625

पोलिंग आफिसर द्वितीय-5625

पोलिंग आफिसर तृतीय-5625

पोलिंग आफिसर चतुर्थ-1150

कुल सेक्टर-314

कुल जोन-32

कुल हेवी मोटर-1034

कुल लाइट व्हीकल-581

मतदान कर्मियों को मिलेंगी सुविधाएं

मतदान कर्मियों में पुरुषों के साथ महिलाओं की भी ड्यूटी लगाई गई है। इसलिए जिला निर्वाचन अधिकारी संजय कुमार ने उनकी सुविधाओं का ध्यान रखने के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विधानसभा के लिए अलग एरो लगाया जाए। उन्होंने विधानसभा वार वाहनों का डिस्प्ले लगाने को कहा। पोलिंग पार्टियों के लिए पेयजल और शौचालय की व्यवस्था के लिए मोबाइल टायलेट लगाए जाने के आदेश दिए। नगर आयुक्त को प्रत्येक स्थल पर छिड़काव और साफ सफाई के निर्देश भी दिए। विशेषकर महिलाओं के लिए अलग प्रसाधन और उनकी सुरक्षा का विशेष प्रबंध किया जाए। महिलाओं की सुरक्ष्ज्ञा के लिए महिला सुरक्षा कर्मी लगाई जाएंगी।

होंगी यह व्यवस्था

रवानगी स्थलों पर माइक्रो आब्जर्वर विधानसभावार नजर रखेंगे।

प्रत्येक स्थल पर एंबुलेंस की व्यवस्था की जाए।

फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी टीमें अलग-अलग होंगी।

रिजर्व कर्मी विधानसभावार कमरों में बैठेंगे और मौका पड़ने पर उनकी ड्यूटी लगाई जाएगी।

ईवीएम मी सुरक्षा के लिए पुलिस, आरएएफ और पीएसी लगाई गई हैं।

स्थलों पर एक अस्थायी सहायता कक्ष खोलने के निर्देश दिए हैं। जिसमें मे आई हेल्प यू का बोर्ड लगा होगा।

बॉक्स

दर्ज होगी एफआईआर

मतदान कार्मिक प्रभारी व मुख्य विकास अधिकारी आंद्रा वामसी ने बताया कि इलेक्शन ड्यूटी से नदारद कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि अभी तक नदारद कुल 130 कर्मचारियों में से साठ कारण सहित लौट आए हैं। 70 अभी तक टर्न आउट नही हुए हैं। उन्होंने कहा कि बुधवार तक उन्होंने रिपोर्ट नहीं की तो उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। मूल वेतन पर कार्रवाई होने से उनकी सर्विस ब्रेक होगी। उधर, मंगलवार को विकास भवन में इलेक्शन ड्यूटी कटवाने वालों की लाइन लगी रही।