शहरी क्षेत्र में पुलिस विभाग भी बनवाएगा मॉडल पोलिंग सेंटर

बढ़ जाएंगी संख्या, अशोक नगर में भी मॉडल बूथ बनाए जाने की तैयारी

ALLAHABAD: तेईस फरवरी को वोटिंग के दौरान आपको फील गुड हो सकता है। दरअसल, जिला प्रशासन ने इस बार विधानसभा चुनाव में दो सौ से अधिक मॉडल पोलिंग सेंटर बनाए जाने की तैयारी शुरू कर दी है। इनमें से शहरी एरिया में निर्धारित सेंटर्स की संख्या में बढ़ोतरी की जा रही है। पुलिस विभाग को भी मॉडल पोलिंग सेंटर बनाने की जिम्मेदारी दी गई है। इन सेंटर्स पर पुलिस विभाग अपने हिसाब से डिजाइन या तैयार करेगा।

ढाई सौ से अधिक पहुंच गई संख्या

मतदान वाले दिन वोटर्स को पोलिंग सेंटर्स पर बेहतर सुविधाएं मुहैया कराने के लिए उददेश्य से जिला निर्वाचन अधिकारी संजय कुमार ने कुल 240 मॉडल पोलिंग सेंटर्स बनाए जाने के निर्देश दिए थे। फिलहाल इनकी संख्या में बढ़ोतरी होने जा रही है। प्रशासन ने पुलिस विभाग को भी नए मॉडल पोलिंग सेंटर्स बनाए जाने की जिम्मेदारी सौंप दी है। इनके लिए पुलिस लाइन के आसपास के पोलिंग सेंटर्स की सूची भी मांगी गई है। निर्वाचन कार्यालय द्वारा भेजी गई सूची में सेंट मेरी लूकस, मेरी वाना मेकर, बिशप जानसन ग‌र्ल्स कॉलेज और ब्वॉयज हाई स्कूल का नाम भेजा गया है। ये सेंटर्स वर्ष 2012 विधानसभा चुनाव के दौरान भी मॉडल पोलिंग सेंटर बनाए गए थे। इस बार प्रत्येक विधानसभा में बीस मॉडल सेंटर बनाए जाने हैं। जिले की बारह विधानसभाओं में कुल संख्या इन सेंटर्स की 240 हो चुकी है।

दक्षिण और पश्चिमी विधानसभा में भी बनेगा सेंटर

सूची में शामिल कुल दस नए मॉडल पोलिंग सेंटर्स में शहर उत्तरी विधानसभा के अलावा दक्षिणी और पश्चिमी में भी सेंटर्स डेवलप किए जाएंगे। इसके लिए संबंधित कानूनगो से सूची मांगी गई गई हैं। अशोक नगर एरिया में जजेस कॉलोनी है। उनके मतदान केंद्र को भी मॉडल बनाए जाने की कवायद शुरू कर दी गई है। बता दें कि निर्वाचन आयोग के आदेशानुसार मॉडल पोलिंग बूथों पर पेयजल, सिटिंग व्यवस्था के अलावा रैंप का निर्माण किया जाएगा। यहां सेल्फी प्वाइंट बनाया जाएगा। खानपान के स्टाल भी लगाए जाएंगे। यह पोलिंग सेंटर किसी पिकनिक स्पॉट की तरह डेवलप किया जाएगा। जिससे लोगों में मतदान के प्रति जागरुकता बढ़ाई जा सके।

डीएम साहब की ओर से पुलिस लाइन के आसपास के मतदान केंद्रों की सूची मांगी गई है। कुछ सेंटर पुलिस विभाग भी मॉडल बनाएगा। इसके अलावा अन्य विधानसभाओं में मॉडल पोलिंग सेंटर्स की संख्या बढ़ाने की तैयारी की जा रही है।

महेंद्र कुमार राय, एडीएम इलेक्शन