-बीमारी का दिया था हवाला, नहीं कटी ड्यूटी

- परिजनों ने मेडिकल बोर्ड पर लगाया आरोप

- रास्ते में हुई घबराहट, अस्पताल में मौत

GORAKHPUR: चुनाव ड्यूटी के लिए जा रहे एक मतदानकर्मी की असमय मौत हो गई। शुक्रवार को हुई इस घटना से कर्मी के घर वालों का रो रोकर बुरा हाल है। पीडि़त पक्ष का आरोप है कि मृत व्यक्ति ने पहले ही आवेदन कर रखा था और ड्यूटी में असमर्थता जताई थी लेकिन उनकी ड्यूटी काटी नहीं गई।

तिवारीपुर एरिया के इलाहीबाग के रहने वाले असदुल्लाह खान डबरपार में पशु चिकित्सालय में बतौर फार्मासिस्ट कार्यरत थे। उनकी ड्यूटी चिल्लूपार विधानसभा क्षेत्र में मतदान अधिकारी प्रथम के रूप में लगाई गई थी। शुक्रवार सुबह लगभग 10 बजे वह अपने एक रिश्तेदार के साथ डीडीयूजीयू जा रहे थे। जहां से पोलिंग पार्टियां रवाना होनी थी। अचानक उनको घबराहट हुई। घरवालों ने उनको अस्पताल पहुंचाया। लेकिन कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई। मौत की खबर सुनते ही घर में कोहराम मच गया। परिवार वालों का रो रोकर बुराहाल है। उनके परिवार में पत्‍‌नी, दो लड़के और एक लड़ी है। बच्चों की उम्र क्रमश: 16 वर्ष, 11 वर्ष और 11 वर्ष है।

तीन मतदानकर्मी की हालत बिगड़ी

वहीं, डीडीयूजीयू में पोलिंग पार्टियां रवाना होने के दौरान तीन मतदान कर्मी की हालत बिगड़ गई। उन्हें तत्काल हेल्थ कर्मियों के सहयोग से जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उनकी स्थिति खतरे से बाहर है।

सुबह से ही डीडीयूजीयू से पोलिंग पार्टियों मतदान स्थल तक रवाना होने का सिलसिला जारी रही। करीब 11 बजे सहजहांपुर के रहने वाले रामदयाल और गुलरिहा के शैलेश मौर्या के अलावा एक होमगार्ड की हालत खराब हो गई। उन्हें पास के ही डॉक्टर से दिखाया गया। उन्होंने उनकी हालत देखते हुए जिला अस्पताल के लिए भेज दिया। जहां उनका इलाज किया जा रहा है।