आगरा। मंगलवार से सियासी दंगल शुरू हो चुका है। पहले चरण की अधिसूचना जारी होने के साथ ही नामांकन पत्रों की बिक्री भी शुरू हो गई है। दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर लग चुकी है। आगरा मंडल में भाजपा की स्टार प्रचारक और सांसद अभिनेत्री हेमामालिनी पर बड़ी जिम्मेदारी है तो पूर्व मंत्री और सांसद रामशंकर कठेरिया पर भी अपने क्षेत्र के कैंडीडेट को विजयश्री दिलाने का भार है।

आगरा में कठेरिया और बाबूलाल

सबसे पहले बात आगरा की करते हैं। आगरा में पूर्व मंत्री रामशंकर कठेरिया की नाक का सवाल है। केंद्र और संगठन के हाईकमान ने उन्हें केंद्रीय मंत्री भी बनाया था। यह बात अलग है कि वह अब इस दायित्व से मुक्त हैं लेकिन शहर के अलावा अन्य आठ सीटों के प्रत्याशियों की जीत का दारोमदार सांसद कठेरिया पर है। आगरा की नौ विधानसभा सीटें हैं। 2012 विधानसभा चुनाव में बसपा ने छह सीटों पर सीट पर जीत दर्ज की थी। इसमें आगरा कैंट, एत्मादपुर, खेरागढ़, फतेहपुरसीकरी, आगरा ग्रामीण, फतेहाबाद शामिल है। भाजपा ने आगरा दक्षिण और आगरा उत्तर पर जीत दर्ज की थी। वहीं सपा ने बाह की सीट कब्जाई थी।

मथुरा में हेमामालिनी

मथुरा की पांच सीटों पर छाता विधानसभा सीट से रालोद के तेजपाल सिंह ने 94757 वोटों के साथ जीत दर्ज की थी। मांट से रालोद के जयन्त चौधरी ने 87062 वोट और बल्देव से रालोद के ही पूरन प्रकाश ने 79364 वोटों के साथ जीत दर्ज की थी। गोवर्धन सीट से बसपा के राजकुमार रावत ने 63725 वोटों के साथ जीत दर्ज की थी। कांग्रेस के खाते में मथुरा सदर की सीट आयी थी। इस सीट से कांग्रेस के प्रदीप माथुर ने जीत दर्ज की थी। यहां रालोद के राष्ट्रीय महासचिव यानी छोटे चौधरी जयंत चौधरी के अलावा बीजेपी की स्टार प्रचारक और सांसद हेमामालिनी की प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई है।

फीरोजाबाद एसपी सिंह बघेल

फीरोजाबाद की पांच विधानसभा सीटों में टूंडला से बसपा के राकेश बाबू ने 67949 वोटों से जीत दर्ज की थी। जसराना से सपा के रामवीर सिंह ने 104440 वोट प्राप्त कर निकटतम प्रतिद्वंद्वी को परास्त किया था। शिकोहाबाद से सपा के ओमप्रकाश वर्मा ने 98682 वोट लेकर जीत दर्ज की। सिरसागंज से सपा के हरिओम सिंह ने जीत दर्ज की थी। फीरोजाबाद सदर से एकमात्र भाजपा के मनीष असीजा ने जीत दर्ज की थी।