i next GORAKHPUR

चुनाव की तारीख अभी दूर है। लेकिन शहर के चौराहों की चाय की दुकानों पर राजनीति के सूरमा अभी से ही शह और मात का खेल खेलने लगे हैं। देश की राजधानी दिल्ली से शुरू हो रही राजनीतिक बहस, लखनऊ होते हुए गोरखपुर के इन चौराहों पर पहुंच रही है। चाय की चुस्की के साथ एक दूसरे के नेताओं की कमियां गिना रहे हैं तो अन्य नेताओं के समीकरण की समीक्षा भी कर रहे हैं। लोकल विकास के कार्यो की समीक्षा भी इन चौराहों पर खूब चल रही है। ऐसी ही एक चाय की चर्चा में आई नेक्स्ट टीम शामिल हुई। आप भी पढि़ए क्या निकला लब्बोलुआब

स्थान- पैडलेगंज

समय- पौने तीन बजे

विधानसभा क्षेत्र- गोरखपुर शहर विधान सभा

आई नेक्स्ट रिपोर्टर: आप लोगों को क्या लगता है। विधायक कौन होगा इस बार शहर से। कुछ बदलेगा या पूरा बदलाव होगा?

अमित पांडेय: कुछ नहीं बदलेगा जी नोट बंदी और सर्जिकल स्ट्राइक करके मोदी ने बताया दिया है कि देश को जिस नेता की तलाश थी आज वह मिल गया है। विधायक जी तो हमारे थे हैं और रहेंगे ही।

प्रशांत शाही (बीच में बोलते हुए): तो रखिए, लेकिन दूसरे के बारे में भी तो सोचिए, विकास कहां होगा?

रवि गुप्ता: भाजपा ने एम्स दिया है और फर्टिलाइजर चालू कराकर नई दिशा दी, लेकिन अखिलेश यादव की विकास की सोच भी जिले में बहुत अच्छा कार्य किया है।

प्रमोद कुमार कोहली: अखिलेश यादव की खुद की छवि और मोदी के काम की क्षमता कंफ्यूज कर रही है मतदाताओं को। अपना नेता तो वही होगा जो पूरे साल अपने बीच रहे और लोगों की बात सुने।

इमरान खान: (स्थानीय मुद्दे की बात छेड़ते हुए) सड़कें खोदकर छोड़ना ही विकास नहीं होता है। विकास वह होता है जो लोगों को गति दे दे। शहरवासियों को सोचने की जरूरत है कि विकास क्या होता है। जिस दिन विकास के बारे में सोचने लगेंगे, उनका नेता भी उसी सोच का हो जाएगा।

प्रमोद कुमार कोहली: सही कर रहे हैं इमरान भाई, लेकिन यह सोच एक दो लोगों को बनाने से नहीं, बल्कि पूरे समाज को बनाने की जरूरत है। लोग बदलेंगे, तभी शहर बदेलगा। अब नेताओं से केवल वादे नहीं, विकास के लिए इरादे भी चाहिए।

टी-प्वाइंट

शहर में काफी बदलाव आया है। लेकिन अभी भी वह रफ्तार नहीं मिली है, जिससे शहर की पहचान बदल जाए। हम लोग विकास की प्राथमिकता के आधार पर अपना नेता चुनते हैं। अब तो शहर के लोग भी इस बात को मान रहे हैं। शहर के विकास में इस बार भी उसी नेता के आगे का बटन दबेगा, जिसके बात में विकास की सच्ची बात लगेगी।

-राजीव कोहली (चाय दुकान मालिक.)