परिवर्तन संकल्प रैली में बोले प्रधानमंत्री, जनता से किया वादा

सपा और कांग्रेस पर जमकर साधा निशाना

उप्र के पुलिस थानों को बताया सपा का कार्यालय

ALLAHABAD: उत्तर प्रदेश में बहुमत से भाजपा की सरकार बनी तो कैबिनेट की पहली बैठक में किसानों का कर्ज माफ कर दिया जाएगा। यह घोषणा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को अंदावा में चुनावी रैली के दौरान की। संत निरंकारी सत्संग स्थल में सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि अखिलेश का काम नही, यूपी में उनके कारनामे बोलते हैं। पुलिस थानों को उन्होंने सपा के कार्यालयों की संज्ञा तक दे डाली।

यूपी सरकार को बताया निकम्मी

प्रधानमंत्री ने अपने एक घंटे के भाषण में सपा और कांग्रेस पर खूब हमला किया। उन्होंने सपा सरकार को निकम्मी सरकार बताया। कहा कि सपा को सुशासन अर्थ नही पता। यूपी में बिजली के लिए केंद्र ने 18 हजार करोड़ दिए गए जिसका एक तिहाई भी खर्च नही कर पाए। उन्होंने कहा कि दो साल पहले किसानों को यूरिया समय पर नही मिलता था। फैक्ट्री से निकला यूरिया चोरी होकर केमिकल मिलों में चला जाता था। अब ऐसा नही है। किसी भी प्रदेश के सीएम को यूरिया के लिए पत्र नही लिखना पड़ता। किसानों भरपूर यूरिया मिल रहा है।

इज्जत बचाने में जुटी विरोधी पार्टियां

उन्होंने कहा कि शुरुआत में सपा और कांग्रेस की जो भाषा और मिजाज था वह तीसरे चरण की वोटिंग के बाद बदल गया है। अब तक हुए भारी मतदान ने विरोधियों की बोलती बंद कर दी है। जनता बीजेपी के पक्ष में जमकर वोट कर रही है। उन्होंने कहा कि साम, दाम, दंड भेद से सत्ता हथियाने वाले अब अपनी इज्जत बचाने में जुटे हैं। जबकि, भाजपा यूपी का भविष्य संवारने और जनता को लुटेरों और अपराधियों से बचाने में लगी है। 27 साल यूपी बेहाल कहने वाले कांग्रेसी अब जनता को बेहाल करने वाली सपा से मिल गए हैं। उनका पराजय का डर सता रहा था, इसलिए गठबंधन का सहारा लेना पड़ा।

बॉक्स

कोर्ट की आड़ में किया वार

उन्होंने यूपी सरकार की नीयत और जिम्मेदारी पर सवाल उठाया। कहा कि अगर अखिलेश का काम बोलता तो इलाहाबाद हाईकोर्ट को क्यों हस्तक्षेप करना पड़ता। हर सप्ताह उनके किसी न किसी निर्णय पर कोर्ट की डांट पड़ती है। सरकार के फैसले रोक दिया जाते हैं या निरस्त हो जाते हैं। सपा ने जो पाप किए हैं वह जनता के सामने बेनकाब हो चुके हैं। कहा कि कानून, शिक्षा, शौचालय, प्रति व्यक्ति आय आदि विकास के कामों मे अखिलेश सरकार देश के अन्य प्रदेशों के सामने अंतिम कतार में खड़ी है। अपराध, अत्याचार और भाई-भतीजावाद में नंबर वन हैं। देश के सबसे बड़े प्रदेश का यही हाल रहा तो भारत का भाग्य बदलना मुश्किल साबित होगा।

बाक्स

सबका साथ, सबका विकास

उन्होंने सबका साथ, सबका विकास नारा देते हुए जनता से अपने प्रत्याशियों के पक्ष में वोट देने की अपील की। उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि पहले स्कैम इंडिया था और अब स्कीम इंडिया है। केंद्र में सरकार बनने के बाद यूपी के 1015 गांव में बिजली पहुंचाई, 1.80 लाख परिवारों को नि:शुल्क एलपीजी कनेक्शन दिया गया। हृदय के इलाज में इस्तेमाल होने वाले स्टेंट के दामों में भारी गिरावट की गई। सवा लाख स्टेंट अब 25 हजार का मिल रहा है, जिससे गरीब मरीज अपना इलाज कराने में सक्षम हैं।

बॉक्स

राइट टाइम पहुंचे पीएम

चिलचिलाती धूप और उमस में पब्लिक से खचाखच भरे मैदान को प्रधानमंत्री का अधिक देर इंतजार नही करना पड़ा। तय कार्यक्रम के अनुसार पीएम ठीक अपरान्ह 3.20 बजे आयोजन स्थल पर पहुंच गए थे। 3.30 से 4.30 बजे तक चले भाषण के बाद वह हेलीकाप्टर से बमरौली एयरपोर्ट रवाना हो गए। उनके आने से पहले सांसद श्यामाचरण गुप्ता, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्या, महानगर अध्यक्ष अवधेश गुप्ता, प्रत्याशी नंद गोपाल गुप्ता नंदी, सिद्दार्थ नाथ सिंह समेत कई पार्टी प्रत्याशियों ने सभा को संबोधित किया। मंच पर भदोही के सांसद और मेयर अभिलाषा गुप्ता भी मौजूद रहीं। इसके पहले डीएम संजय कुमार और एसएसपी शलभ माथुर ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।