dhruva.shankar@inext.co.in

सुबह 8.30 बजे

राधा रमण इंटर कालेज, दारागंज

बूथ संख्या 392 की ईवीएम मशीन खराब होने से मतदाता निराश हो गए। लाइन में लगे मतदाताओं को पीठासीन अधिकारी ने बताया कि कंट्रोल में फोन किया गया है। एक घंटे का वक्त मशीन बनने में लगेगा। सभी मतदाता निराश होकर प्रशासन को कोसते हुए वापस लौट गए। यहां के अन्य नौ बूथों पर उस समय इक्का दुक्का मतदाता ही नजर आए। हैजा हॉस्पिटल स्थित आदर्श मतदाता केन्द्र का नजारा अलग रहा। यहां के दस बूथों पर कुल दस हजार मतदान थे। सभी बूथों पर सन्नाटा पसरा रहा तो आदर्श मतदाता केन्द्र का जो शिविर बुजुर्गो के लिए था लेकिन उसमें आम मतदाता बैठकर बीएलओ से अपनी पर्ची लेते रहे। पुलिस हरकत में आई तो लाठियां चटकार लोगों को खदेड़ा गया। इसके बाद दो बुजुर्ग अपने पोतों के साथ पहुंचे तो पुलिस वालों ने बच्चों को टॉफी, बिस्किट व रंगबिरंगा गुब्बारा दिया।

पूर्वान्ह 11 बजे

सरदार पटेल पूर्व माध्यमिक विद्यालय, अलोपीबाग

बूथ संख्या 351 पर 1244 में से महज 66 मतदाताओं ने वोट डाला। जबकि बूथ संख्या 353 पर 978 में से 143 मतदाताओं ने ही मतदान किया था। पूर्वान्ह 11.25 बजे एमएल कान्वेंट स्कूल, अल्लापुर में बूथ संख्या 337 की ईवीएम मशीन खराब हो गई। लाइन में लगे मतदाताओं ने हल्ला मचाना शुरू कर दिया लेकिन लाइन से हटे नहीं। यहां 25 मिनट बाद सेक्टर मजिस्ट्रेट ने मशीन को दुरुस्त किया। 12 बजे तक यहां पांच बूथों पर 5552 मतदाताओं में से महज 950 लोग ही वोट दे सके। कर्नलगंज इंटर कॉलेज मतदान केन्द्र पर दोपहर 12.15 बजे केन्द्र के बाहर और भीतर सन्नाटा दिखाई दिया। उस समय भाजपा सांसद श्यामाचरण गुप्ता अपने परिजनों के साथ केन्द्र के भीतर पहुंचे तो उनके पीछे कम से कम 30 मतदाता भी चल दिए मतदान करने।

इस बार मतदान केन्द्र पर सुरक्षा व्यवस्था अच्छी लगी। एजेंटों को बाहर करने से नोकझोक नहीं दिखी। विकास के नाम पर मतदान किया है।

मनोज कुमार सिंह

दस सालों से हैजा हॉस्पिटल में मतदान कर रही हूं। पहली बार लगा कि इतनी शांति के साथ भी मतदान होता है। विकास होगा तभी हम सब खुशहाल जीवन जी सकेंगे।

धर्मावती देवी