- दोपहर एक बजे पहुंचेंगे मुख्यमंत्री खेरिया एयरपोर्ट

- यहां से दोनों नेता कार से पहुंचेंगे दयालबाग

आगरा। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी के रोड शो का रोड मैप फाइनल हो गया है। एसपीजी की हरी झंडी मिलने के बाद बुधवार को दोनों दलों की संयुक्त पत्रकार वार्ता में रोड शो के रूट व तैयारियों के बारे में मीडिया को जानकारी दी गई।

दोपहर एक बजे पहुंचेंगे

बुधवार को एमएलसी और सपा के प्रदेश प्रवक्ता सुनील साजन, जिलाध्यक्ष राम सहाय यादव, शहर अध्यक्ष रईसुद्दीन, सपा नेता शिव कुमार राठौर और कांग्रेस के जिलाध्यक्ष दुष्यंत शर्मा व शहर अध्यक्ष हाजी अबरार हुसैन ने एक संयुक्त पत्रकार वार्ता को संबोधित किया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री जरार और शिकोहाबाद की चुनावी रैली को संबोधित करने के बाद दोपहर एक बजे खेरिया एयरपोर्ट पर उतरेंगे। इसी वक्त राहुल गांधी भी एयरपोर्ट पहुंचेंगे।

दयालबाग से शुरू होगा रोड शो

दोनों का काफिला कार से दयालबाग पहुंचेगा, जहां से रोड शो शुरू होगा। यहां से पूरे तामझाम के साथ रोड शो भगवान टाकीज, दीवानी, सूरसदन, वजीरपुरा, सेंट पीटर्स होते हुए हरीपर्वत चौराहे पर वापस एजमी रोड पर पहुंचेगा। यहां से सेंट जोंस कॉलेज, आगरा कॉलेज, पंचकुईयां, सुभाषपार्क, नाई की मंडी, कलक्ट्रेट होते छीपीटोला पहुंचेगा। यहीं रोड शो समाप्त हो जाएगा। पहले रोड शो को बिजली घर चौराहे तक ले जाने की योजना थी। रोड शो के लिए दो घंटे का समय रखा गया है।

रथ पर निकलेंगे दोनों नेता

दोनों पार्टियों के नेता रोड शो को मुस्लिम क्षेत्रों में ले जाने की मांग कर रहे थे। लखनऊ में रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री अखिलेश यादव व राहुल गांधी को सड़क पर लटक रहे बिजली के तारों की वजह से बेहद परेशानी का सामना करना पड़ा था, इसलिए कम ऊंचाई वाले रथ का विकल्प रखा गया था। मगर, अब जिस रूट पर सहमति बनी है, उससे साफ हो गया है कि दोनों नेता भव्य रथ पर ही सवार होंगे।

मुख्यमंत्री का कार्यक्रम पहले से था तय

मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का तीन फरवरी को आगरा आने कार्यक्रम पूर्व से तय था। सपा खेमे ने इसकी तैयारियां शुरू कर दी थी। आगरा में आगरा शहर, बाह के जरार और फिरोजाबाद के शिकोहाबाद में तीन चुनावी रैलियां मुख्यमंत्री संबोधित करने जा रहे थे, लेकिन अब मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी के साथ आगरा शहर में रोड शो भी शामिल हो गया है।