- किसानों का इंतजार खत्म, एक लाख तक का होगा लोन माफ

- क्र ॉप लोन लेने वाले किसानों को मिलेगा कर्जा माफी का लाभ

आगरा। कैबिनेट बैठक होने के साथ ही किसानों का इंतजार खत्म हो गया। कैबिनेट ने लघु एवं सीमांत किसानों का एक लाख रुपये तक का कृषि लोन माफ कर दिया। इससे किसानों में खुशी की लहर दौड़ गई। सरकार के इस फैसले से जनपद के करीब दो लाख किसानों को लोन माफी का लाभ मिलेगा।

किसानों को था इंतजार

मुख्यमंत्री की शपथ लेने के 15 दिन बाद हुई कैबिनेट की बैठक में किसानों का एक लाख तक का कृषि लोन माफ कर दिया गया है। इससे किसानों में हर्ष की लहर दौड़ गई है। एक लाख तक का लोन माफ होना किसानों के लिए काफी बड़ी राहत है। कभी ओलावृष्टि तो कहीं सूखा से किसान बुरी तरह टूट चुके थे। तमाम किसानों ने कर्ज के चलते आत्महत्या तक कर ली थी। शादी विवाहों पर भी असर पड़ने लगा था। लेकिन प्रदेश की भाजपा सरकार के निर्णय ने किसानों को राहत देने का कार्य किया है। इससे किसान काफी उत्साहित हैं।

अध्यक्ष, भाकियू श्याम सिंह चाहर ने कहा कि ये तो ऊंट के मुंह में जीरा के समान है। अगर किसी किसान ने एक लाख का लोन किया है। ब्याज लगाकर दो लाख हो गए, तो ये तो केवल ब्याज माफ हुई। जबकि किसान का पूरा कर्जा माफ होना चाहिए

किसान नेता, रालोद कप्तान सिंह चाहर ने बताया कि भाजपा किसानों के साथ वादाखिलाफी कर रही है। घोषणा के वक्त ये नहीं कहा था कि कब तक के लोन माफ किए जाएंगे। अब ये नया बहाना बना लिया। जबकि किसान तो टै्रक्टर के लिए भी लोन लेता है।

किसान श्यामबाबू ने बताया कि ये हमारे लिए बड़ी राहत की बात है। किसान कई वर्षो से दैवीय आपदा के कारण पिछड़ चुका था। एक लाख तक का लोन माफ कर किसानों के हित में फैसला लिया है। यह सराहनीय है।