- पहले प्यार की कहानी ने थोड़ा हंसाया तो थोड़ा रुलाया भी

निलेश ने अपने शानदार गीत पेशकर बांधा समां, आईनेक्स्ट रहा इवेंट का प्रिंट पार्टनर

ALLAHABAD:

दादी-दादी, नाना-नानी की कही गई कहानियां तो बचपन में लोगों ने खूब सुनी होंगी। लेकिन जिंदगी के हर लम्हों के बीच से कहानियां कैसे निकलती हैं, कैसे बनती हैं, कैसे हंसाती हैं, कैसे रुलाती हैं और कैसे शब्दों में पिरोई जाती हैं मशहूर स्टोरी टेलर निलेश मिश्रा ने शनिवार को प्रयाग संगीत समिति के मेहता ऑडिटोरियम में इलाहाबादियों को बताया। बिग एफएम 92.7 द्वारा आयोजित यूपी का सफर विद निलेश मिश्रा कार्यक्रम के तहत इलाहाबाद पहुंचे निलेश ने जब किस्सागोई और कहानियों की शुरुआत की तो लोग कुछ समय के लिए कहानियों में खो गए। इलाहाबाद में किसी स्टोरी टेलर का यह पहला लाइव शो था, जिसमें आईनेक्स्ट मीडिया पार्टनर रहा।

लफ्जों से बांधा समां

निलेश ने किस्सागोई को लोगों की जिंदगी से जोड़ते हुए एक प्यार भरी कहानी से शुरुआत करते हुए शिव और शिवांगी के 'पहले प्यार' की कहानी सुनाई। गहरी और मद्यम आवाज में लखनऊ के एक मध्यम वर्गीय परिवार में रहने वाली और कॉलेज में पढ़ाई करने वाली स्टूडेंट शिवांगी के प्यार की कहानी को शब्दों में पिरोया जिसने पहली नजर में अपने से करीब तीन साल बड़े कॉलेज के ही सीनियर शिव को एक नजर में अपना दिल दे दिया लेकिन उसके दोस्ती के प्रपोजल को नेग्लेट कर दिया। फिर कैसे पहले हल्की तकरार हुई फिर मुलाकातें प्यार में बदली इन मोड़ों को निलेश जैसे-जैसे शब्दों में पिरोते जा रहे थे, लोग कहानी से जुड़ते चले जा रहे थे। मन में उत्सुकता पैदा होती जा रही थी अब क्या होगा। एक कहानीकार लेकिन कहानी में मौजूद दर्जनों पात्रों की भावनाओं का वर्णन लोगों के दिलों को छू रहा था। जब प्यार का प्रसंग आता तो लोग मुस्कुराते बीच-बीच में ठहाके भी लगाते इसी बीच अचानक शांत और गंभीर भी हो जाते।

पिया तो से नैना लागी रे

निलेश मिश्रा जितने उम्दा स्टोरी टेलर है, गायकी में उससे कहीं कम नहीं है। इलाहाबादियों के बीच आते ही निलेश ने सबसे पहले अपने कॉलेज लाइफ की यादों को ताजा करते हुए उन गीतों को सुनाया, जिन्हें वे कॉलेज ग‌र्ल्स को इम्प्रेस करने के लिए गाते थे। पिया तो से नैना लागी रे गाया तो पूरा हाल गूंज उठा। इसके बाद निलेश ने फिल्म बर्फी में अपने लिखे गीत क्यों न चले हम टेढ़े, मेढ़े रास्ते और बॉडीगार्ड मूवी का सांग 'दिल कहे क्या राज है' सुनाया। निलेश के साथ सिंगर प्रियंका भट्टाचार्या ने जिस्म फिल्म का गीत 'जादू है नशा है' सुनाया। वहीं आरजे निवेश और आरजे विश्वनाथ ने इलाहाबादियों से कई क्वेश्चन पूछे।

कौन हैं निलेश मिश्रा

स्टोरी टेलिंग को नए अंदाज में एक मुकाम तक पहुंचाने वाले स्टोरी टेलर निलेश मिश्रा यूपी के ही रहने वाले जो इन दिनों यूपी के दस शहरों के सफर पर निकले हैं। वह यूपी के विकास, लोगों की सोच और विकास की कहानियों को लोगों तक पहुंचा रहे हैं। लोगों से लाइव कंसर्ट के थ्रू जुड़ते हैं। आगरा से शुरू हुआ यूपी का सफर अलीगढ़, झांसी, कानपुर और बरेली होते हुए शनिवार को इलाहाबाद पहुंचा। बिग एफएम पर आने वाला उनकी यादों का इडियट बॉक्स स्टोरी टेलिंग शो काफी लोकप्रिय रहा है।

इलाहाबादियों ने जमकर लिखी कहानी

बिग एफएम 92.7 की ओर से इलाहाबादियों से कहानी मांगी गई, ताकि इलाहाबाद के कहानीबाजों को खोजा जा सके। प्यार की कहानी, अनुभव की कहानी, जिंदगी की कहानी, हर लम्हे की कहानी को लोगों ने शब्दों में पिरोया और भेज दिया। सैकड़ों कहानियां आई, जिनमें से टॉप टेन कहानीबाज सलेक्ट किए गए, जो ये हैं

कहानीबाज कहानी का नाम

1. सांवली दुबे 'मुक्ति'

2. दीपा दुबे दुबे 'रोशनी'

3. सुनील कुमार पांडेय 'कागज वाला बच्चा'

4. आशीष त्रिपाठी ' शहर में पढ़ाई का सपना'

5. शिवम सक्सेना 'चाहत'

6. सतीश केसरवानी 'शराबी'

7. सोनल मिश्रा 'प्यार'

8. निधि सिंह

9. प्रतिमा श्रीवास्तव 'और जिंदगी बदल गई'

10. रोहित ' प्यार की नाजीर'