-नगर विकास मंत्री ने झूंसी एरिया में तीन नालों को देखा, अधिकारियों को दी चेतावनी

prayagraj@inext.co.in

PRAYAGRAJ: कुंभ मेला शुरू होने में अब कुछ ही दिन शेष है। लेकिन गंगा और यमुना में नालों का दूषित जल गिरने का सिलसिला जारी है। जिस पर रोक लगाने के निर्देश काफी पहले ही जारी किए जा चुके हैं। रविवार को नगर विकास मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने तीन स्थानों का निरीक्षण कर नालों पर जल्द से जल्द रोक लगाने का आदेश अधिकारियों को दिया।

पूरी सख्ती के साथ रोकें

नगर विकास मंत्री ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि दस जनवरी के बाद नालों का पानी गंगा-यमुना में किसी भी कीमत पर नहीं गिरना चाहिए। इस पर पूरी सख्ती के साथ रोक लगाएं। जिन नालों को टेप नहीं किया गया है, उनका पानी शोधित करके ही नदी में छोड़ा जाए। शनिवार को मुख्यमंत्री के साथ कुंभ मेला क्षेत्र में भ्रमण करने के बाद नगर विकास मंत्री रविवार की सुबह झूंसी एरिया पहुंचे। जहां उन्होंने झूंसी में लोटेहरण, शास्त्री ब्रिज के नीचे और क्रिया योग संस्थान के पास नालों का निरीक्षण किया। झूंसी में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट नहीं होने के कारण यहां के नाले टेप नहीं किए जा सके हैं। मंत्री ने गंदे पानी के शोधन करने वाली विधि की पूरी जानकारी ली। नालों का पानी गंगा में गिरने पर नगर विकास मंत्री ने नाराजगी जाहिर की। कहा कि गंदे पानी को रोकने और उसे शोधित करने का पूरा इंतजाम किया जाए।