-अवैध असलहों संग पकड़े जा रहे बदमाश, नहीं मिलते तस्कर

-गोरखपुर और आसपास के जिलों में रोजाना पुलिस करती कार्रवाई

GORAKHPUR: शहर के अंदर अवैध हथियारों के इस्तेमाल की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। मुठभेड़ के दौरान पुलिस पर गोलियां चलाने वाले बदमाशों के तमंचों का हिसाब-किताब करने वाली पुलिस, अवैध असलहा कारोबारियों तक पहुंचने में नाकाम रही है। पुलिस अधिकारियों के दावों पर भारी पड़ते असलहा तस्कर आसानी से बदमाशों को तमंचों की खेप पहुंचा रहे हैं। एसएसपी का कहना है कि असलहों की सप्लाई देने वाले तस्करों पर शिकंजा कसा जाएगा। इसके लिए पुलिस टीम को निर्देशित किया गया है।

साल भर के भीतर पकड़े गए ढाई सौ लोग

शहर के अंदर मर्डर, लूट, छिनैती सहित अन्य अपराधों में पकड़े जाने वाले बदमाशों के पास अवैध असलहों, कारतूसों की बरामदगी पुलिस करती है। आ‌र्म्स एक्ट का मामला दर्ज करके पुलिस अभियुक्तों को जेल भेज देती है। मुकदमे का फैसला होने तक असलहों को थानों के मालखानों में सुरक्षित रखा जाता है। असलहों को जमा करने के बाद पुलिस भूल जाती है कि ये कहां से लाए गए हैं। इनके बारे में कोई पड़ताल न होने से कारोबार पर कोई लगाम नहीं कस पा रही। पिछले एक साल के भीतर शहर में अवैध असलहों की सप्लाई देने वाला कोई गैंग नहीं पकड़ा गया है। जबकि, पुलिस रिकार्ड में करीब ढाई सौ असलहे गोरखपुर में बरामद हुए हैं। गोरखपुर सहित रेंज के अन्य चार जिलों में करीब छह सौ अवैध असलहे और साढ़े सात सौ कारतूस की बरामदगी हो चुकी है।

इस तरह से हुई गिरफ्तारी

गोरखपुर 245

कुशीनगर 140

महराजगंज 137

देवरिया 81

इतने असलहों की हुई बरामदगी

अवैध असलहे तादाद

तमंचा 309

पिस्टल 43

रायफल 01

डीबीबीडीएल 02

कार्बाइन 02

मैगजीन 05

कारतूस 741

हाल में हुई गिरफ्तारियां

04 नवंबर 2018: गोला पुलिस ने मर्डर के आरोपित को अरेस्ट किया, तमंचा और कारतूस बरामद।

03 नवंबर 2018: कैंट पुलिस ने वाहन लूट के आरोपियों को गिरफ्तार करके तमंचा बरामद किया।

01 नवंबर 2018: राजघाट एरिया में 15 हजार का ईनामी बदमाश अरेस्ट, 32 बोर की पिस्टल बरामद।

01 नवंबर 2018: खोराबार एरिया में 50 हजार का ईनामी हत्यारोपी प्रधान अरेस्ट, एक पिस्टल 32 बोर, दो कारतूस मिले।