बनारस को विकसित करने के लिए जापान के साथ हुए करार पर बनारस में खुशी का माहौल

PM के इस कदम से जगी बनारस के विकास की उम्मीद

VARANASI : जापान पहुंचते ही देश के पीएम और बनारस के एमपी नरेन्द्र मोदी ने सबसे पहले बनारस के बारे में सोचा। उन्होंने जापान के क्वोटो शहर की तर्ज पर बनारस को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने की ओर कदम बढ़ाया। दोनों देशों के बीच यही पहला करार हुआ। इससे हर बनारसवासी काफी खुश है। कुछ खास लोगों ने पीएम के इस कदम पर आई नेक्स्ट से अपनी खुशी बयां की, आइये जानते हैं।

पीएम नरेन्द्र मोदी बनारस के सांसद चुने जाने के बाद यहां आए तो उन्होंने कहा था कि जब बनारस राष्ट्र गुरु बनेगा तभी भारत विश्व गुरु बनेगा। बनारस को लेकर जापान के साथ हुआ करार उसे राष्ट्र गुरु बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। हमारा शहर भी अपनी धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को बचाए रखते हुए विकसित होगा। यह हम सभी के लिए बेहद खुशी की बात है। मुझे इस शहर का मेयर होने के नाते गौरव का अनुभव हो रहा है।

रामगोपाल महोले

मेयर

प्रधानमंत्री का कदम स्वागत योग्य है। हम सभी को यही उम्मीद थी। बनारस के सांसद नरेन्द्र मोदी के देश का प्रधानमंत्री बनने पर सभी काशीवासियों को ढेरों उम्मीद थी। हमारा शहर लंबे समय से उपेक्षित था। विश्व पटल पर अपनी विशेष पहचान रखने वाले इस शहर में साफ-सफाई समेत ढेरों समस्याएं हैं। बनारस के विकास को लेकर पीएम की गंभीरता से लगता है कि अब इस शहर में विकास की धारा बहेगी।

दीपक मधोक

संयोजक, जागो बनारस

क्वोटो और बनारस में काफी समानता है। दोनों शहर धार्मिक और सांस्कृतिक विशेषता रखते हैं। भवन निर्माण शैली जरूर अलग है। पीएम ने क्वोटो की तर्ज पर बनारस को विकसित करने का अच्छा निर्णय लिया है। अब लगता है कि वह बनारस को राष्ट्र गुरु बनाना चाहते हैं। करार के बाद जापान का कोई डेलीगेशन यहां आए और यहां के निर्माण को देखकर विकास का खाका तैयार करे तभी सही तरीके से विकास हो पाएगा। हमें बनारस के विकास को लेकर काफी उम्मीदें हैं।

आरसी जैन

आर्किटेक्ट

पीएम का कदम स्वागत योग्य है। जापान के क्वोटो और बनारस में काफी समानता है। वहां का वातावरण स्वच्छ और सुंदर है। ऐसा ही माहौल हमारे शहर में चाहिए। हमारे शहर की कुछ समस्याओं को दूर कर दिया जाए तो हमारा शहर सबसे सुंदर बन जाएगा। पीएम नरेन्द्र मोदी के इस कदम से लगता है कि वह पूर्वाचल के विकास को लेकर गंभीर हैं। जापान के साथ करार से हम सभी की उम्मीदें बढ़ी हैं। हमें धैर्य रखना चाहिए। थोड़ा वक्त लग रहा है लेकिन आने वाला वक्त बनारस के लिए अच्छा होगा।

आरके चौधरी

अध्यक्ष वाराणसी विकास समिति