BAREILLY: एक मां अपनी साढ़े तीन वर्ष की अपहृत बच्ची के लिए पुलिस अधिकारियों के चक्कर लगा रही है, लेकिन पुलिस सात समंदर पार लंदन से बेटी को कैसे लाए, इसी उलझन में पड़ी है। दरअसल, बेटी के अपहरण का आरोप पिता पर ही लगा है, लेकिन पुलिस का कहना है पिता बेटी को लेकर गया है और बेटी की लंदन की नागरिकता है। पुलिस ने मां को दिल्ली एयरपोर्ट से बेटी के पिता के साथ लंदन जाने की रिपोर्ट भी लाकर दे दी है। पुलिस की इस रिपोर्ट के बाद भी मां ने बेटी को वापस लाने की मांग की है। मां ने बरेली पुलिस के ट्विटर अकाउंट पर शिकायत कर न्याय मांगा है।

 

लंदन में पैदा हुई बेटी

बता दें कि प्रेमनगर निवासी विजय प्रकाश ने बेटी मोनिका की शादी वर्ष 2013 में धर्मकांटा निवासी वैभव जौहरी से की थी। शादी के बाद मोनिका, पति के साथ लंदन चली गई थी। पति लंदन में जॉब करता है। वर्ष 2014 में मोनिका ने लंदन में बेटी को जन्म दिया। वर्ष 2016 में दोनों इंडिया लौट आए। आरोप है कि यहां आने के बाद वैभव ने मोनिका की दिमागी हालत खराब बताकर उसे ससुराल में बेटी वेदिका जौहरी के साथ छोड़ दिया। उसके बाद वह फिर से बरेली आया और उसे मायके में छोड़कर चला गया, लेकिन बच्ची को अपने घर में ही रखा। मोनिका कभी-कभी अपनी बच्ची से मिलने वैभव के घर जाती रही।


दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज

5 जनवरी को जब मोनिका, ससुराल बेटी से मिलने पहुंची तो पता चला कि उनकी बेटी गायब है। जब मोनिका ने ससुर से पूछा तो उन्होंने बेटी के बारे में बताने से इनकार कर दिया। उसके बाद मामला थाने तक पहुंचा, जहां पर मोनिका के ससुर ने वैभव के साथ वेदिका के लंदन जाने की बात कही। 6 जनवरी को पुलिस ने दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज कर लिया। उसके बाद से मोनिका बेटी के लिए पुलिस अधिकारियों के दफ्तरों के चक्कर लगा रही थीं।

 

इंडियन पासपोर्ट है बना,पुलिस का कहना, बच्ची है लंदन की नागरिक

मोनिका का कहना था कि उसने 4 महीने पहले पति द्वारा लंदन के दिए एड्रेस के बारे में लंदन पुलिस से ट्विटर के जरिए संपर्क किया था। लंदन पुलिस ने बताया कि जो एड्रेस उन्होंने दिया है, उस एड्रेस पर पति रह ही नहीं रहा था। मोनिका का आरोप है कि उनकी बेटी का इंडियन पासपोर्ट बना हुआ है। जबकि पुलिस ने जवाब दिया है कि वेदिका की लंदन की नागरिकता है। उसके पिता 25 दिसंबर 2017 को ही वेदिका को लेकर गए हैं। दिल्ली एयरपोर्ट से इसकी रिपोर्ट भी दी गई है।