स्वच्छता सर्वेक्षण में बाधा बन सकती है चालकों की कमी

डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए नहीं मिल रहे चालक

जनवरी माह में होना है मेरठ नगर निगम का स्वच्छता सर्वेक्षण

Meerut । स्वच्छता सर्वेक्षण 2019 के लिए पूरी मेहनत के साथ जुटे नगर निगम के लिए सफाई कर्मचारियों और चालकों की कमी बाधा बन सकती है। स्वच्छता सर्वेक्षण के तीसरे और अहम बिंदु डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन को शहर में शत प्रतिशत लागू करने के लिए निगम को चालकों की आवश्यकता है, लेकिन चालकों की कमी के कारण कूड़ा कलेक्शन वाहन डिपो में खडे़ हैं, लेकिन उनका उपयोग नही हो पा रहा है। अब विभाग के पास मात्र दो माह का समय है और चालकों की भर्ती नही हो पा रही है।

100 नंबर के लिए मशक्कत

नगर निगम द्वारा शहर के 90 वार्डो में डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन को स्वच्छता सर्वेक्षण में 100 नंबर मिलने हैं, लेकिन यह तब होगा जब शत प्रतिशत कलेक्शन शुरु हो जाए। इस योजना के लिए छह माह पहले निजी कंपनी से अनुबंध किया गया था। इस कंपनी द्वारा फिलहाल 20 वार्डो से कूड़ा उठाया जा रहा है, बाकी करीब 70 वार्डो में यह योजना शुरु नही हो पा रही है। ऐसे में इन 70 वार्डो से इस मानक के लिए अंक ना मिलना निगम को भारी पड़ सकता है।

चालकों के इंतजार में वाहन

डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन और सफाई व्यवस्था के लिए निगम ने 22 ट्रैक्टर, 3 जेसीबी, 17 ट्राली, 1 सीवर जेट मशीन, 4 पोर्कलेन मशीनों की खरीद भी कर ली लेकिन अभी तक चालकों की कमी के कारण पिछले तीन माह से अधिक समय से निगम के डिपो में करीब 40 से अधिक टाटा ऐस और 22 के करीब ट्रैक्टर धूल फांक रहे हैं। इन वाहनों के लिए करीब 80 वाहन चालकों की निगम को दरकार है लेकिन भर्ती प्रक्रिया शुरु ना होने के कारण अभी योजना अधर में अटकी हुई है।

वर्जन-

प्रयास किया जा रहा है संविदा चालकों की भर्ती के लिए मुख्यालय स्तर पर जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरु की जाएगी।

- मनोज त्रिपाठी, नोडल अधिकारी स्वच्छता सर्वेक्षण

निगम के पास गाडि़यां भी हैं योजना भी है फिर भी वार्ड से कूड़ा नही उठ रहा है। जब चालक नही थे तो पहले गाडि़यां क्यों खरीदी गई।

- जफर

निगम को पहले चालकों की व्यवस्था करनी चाहिए थी उसके बाद डोर टू डोर कलेक्शन सभी वार्डो में एक साथ शुरु करना चाहिए था।

- शिशिर

कूड़ा कलेक्शन के लिए लोकल सफाई कर्मचारियों पर निर्भर हैं। निगम के कर्मचारी तो गली से कूड़ा उठाने के लिए भी पैसा लेते हैं।

- आदित्य