नैनी जेल में बंद अपराधियों के सहारे शूटर्स को ढूंढ़ रही पुलिस

वाइस प्रिंसिपल को गोली मारने वालों का अब तक सुराग नहीं

ALLAHABAD: कीडगंज में सेंट जॉन स्कूल के वाइस प्रिंसिपल को गोली मारने वाले शूटरों की तलाश में जुटी पुलिस के हाथ अभी खाली हैं। कीडगंज पुलिस हमलावरों की पहचान के लिए नैनी जेल में बंद बदमाशों की मदद ले रही है।

गुरुवार को कीडगंज एसओ पंकज सिंह सीसीटीवी फुटेज से मिले संदिग्ध बदमाशों की तस्वीर लेकर नैनी जेल पहुंचे। यहां उन्होंने कई बदमाशों से शूटरों के बारे में जानकारी एकत्र करने की कोशिश की। सूत्रों की मानें तो कुछ बदमाशों ने शूटरों का पहचानने का दावा किया और कई जानकारियां भी पुलिस को दी। अब पुलिस जानकारियों के आधार पर छापेमारी की तैयारी में जुटी है।

मामा से की गई पूछताछ

वाइस प्रिंसिपल मेहरनोश फ्रेमजी के हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस संपत्ति के विवाद को कमजोर मान रही है। पुलिस ने मेहरनोश के मामा रिटायर्ड विंग कमांडर और उनके बेटे रेस्टोरेंट संचालक साइरस से फिर पूछताछ की है। पुराने विवाद को लेकर उनकी मंशा भी परखी गई। इसके साथ ही साथ ही सेंट जॉन स्कूल के कर्मचारियों से भी सवाल-जवाब किए गए, लेकिन कुछ खास सुराग नहीं मिला। पुलिस अब केवल शूटरों की तलाश में जुटी है।

गिरफ्तारी के बाद सामने आएगा सच

माना जा रहा है कि हमलावरों की गिरफ्तारी के बाद ही हमले का कारण और साजिशकर्ता के बारे में पता चलेगा। दूसरी ओर हॉस्पिटल में एडमिट मेहरनोश की हालत में काफी सुधार है। गौरतलब है कि बीते सोमवार की सुबह बाइक सवार बदमाशों ने कीडगंज इलाके में मेहरनोश को गोली मारी गई थी।

जांच में कई क्लू सामने आए हैं। पुलिस उन पर तेजी से वर्क कर रही है। शीघ्र ही शूटरों को दबोच लिया जाएगा।

विनीत जायसवाल, एएसपी